मांदर में बाढ़ पीड़ितों को मिली राहत :प्रशासन और समाजसेवियों ने मिलकर की मदद

जगदलपुर = 1 पिछले सप्ताह आई भीषण बाढ़ से प्रभावित मांदर गांव के लोगों को प्रशासन और समाजसेवियों के संयुक्त प्रयासों से बड़ी राहत मिली है।
➡️विद्यार्थियों को मिले नए दस्तावेज और शैक्षणिक सामग्री
बाढ़ में जिन स्कूली बच्चों के जाति, निवास प्रमाण पत्र और अंकसूचियां खराब हो गई थीं, उन्हें दोबारा ये दस्तावेज बनाकर वितरित किए गए। अनुविभागीय अधिकारी नीतीश वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल,
खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी, खंड स्रोत समन्वयक पीला राम सिन्हा, संकुल समन्वयक शिवचरण कश्यप और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मिलकर बच्चों को ये प्रमाण पत्र सौंपे।
➡️अंशकालीन स्वीपर संघ और एनएसएस के स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
शिक्षा विभाग के अंशकालीन स्वीपर संघ, लोहंडीगुड़ा विकासखंड के करीब 150 सदस्यों ने स्वयं प्रेरित होकर बाढ़ प्रभावित ग्राम मांदर में श्रमदान किया। इन सदस्यों ने क्षतिग्रस्त हुए घरों के मलबे की सफाई की, खासकर उन घरों में जहां केवल महिला सदस्य थीं। उन्होंने भीगे हुए धान और अनाज को सुखाने में भी मदद की। इसके साथ ही, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोठियागुड़ा के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं ने भी बाढ़ से ध्वस्त मकानों के मलबे को हटाने में श्रमदान कर पीड़ितों की मदद की।
➡️किसानों को मिले नए क्रेडिट कार्ड
बाढ़ में अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज खो चुके किसानों के लिए, लेम्पस अलनार द्वारा मांदर गांव में एक कैंप लगाया गया। इस कैंप में 32 किसानों को नवीन किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए। यह पहल प्रबंधक महेश कुमार सेठिया, ऑपरेटर प्रदीप कुमार सेठिया और ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी दिनेश जोशी ने की, ताकि किसानों को खेती-किसानी के लिए आर्थिक सहायता मिल सके।