जगदलपुरबस्तर संभाग

जगदलपुर में स्वदेशी मेला बना आत्मनिर्भर भारत का सशक्त प्रतीक, 20 राज्यों से आए 300 स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने

स्वदेशी मेले में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का आह्वान – “देश के गौरव को बढ़ाना है तो स्वदेशी अपनाना होगा”

जगदलपुर = देश की आत्मा में बसे स्वदेशी भाव को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से आयोजित स्वदेशी मेला के विशेष कार्यक्रम में बुधवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भारत के गौरव को पुनः स्थापित करने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना समय की मांग है।

उन्होंने कहा कि कभी भारत की जीडीपी विश्व की 23 प्रतिशत हुआ करती थी, क्योंकि लोग स्वदेशी उत्पादों का प्रयोग करते थे, लेकिन विदेशी वस्तुओं के अंधाधुंध प्रयोग से यह घटकर 2 प्रतिशत से भी कम तक सिमट गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “वोकल फॉर लोकल” अभियान के सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही देखने को मिलेंगे और भारत की अर्थव्यवस्था और भी मजबूती की ओर बढ़ेगी।

डॉ. सिंह ने मेला प्रांगण का अवलोकन करते हुए डिजिटल भुगतान के माध्यम से एक सुंदर कालीन खरीदी और स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल व्यापार नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के विचार को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है।

300 से अधिक स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

मेला संयोजक किशोर पारख ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि जगदलपुर में स्वदेशी मेला का आयोजन नगर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि इस मेले में देश के 20 से अधिक राज्यों के 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें हैंडलूम, हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद, आयुर्वेदिक दवाएं, पारंपरिक परिधान और जनजातीय उत्पाद प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह, मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय, भाजपा के वरिष्ठ नेता  मुरलीधर राव एवं आज के मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह के आगमन को अभूतपूर्व बताया।

➡️पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक प्रस्तुति से गूंजा मेला परिसर

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को डॉ. रमन सिंह ने मंच पर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया।

मेला सह संयोजक देवेंद्र देवांगन ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि स्वदेशी मेला का उद्देश्य न केवल उत्पादों का प्रचार है, बल्कि यह एक सांस्कृतिक उत्सव है जो देश की मिट्टी से जुड़ाव को मजबूत करता है।

कार्यक्रम संचालन  ब्रिज धुर्वे और श्रीमती हितप्रीता ठाकुर ने किया। इसके पश्चात मंच पर स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य और गीतों ने पूरे परिसर को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।

स्वदेशी मेले ने न केवल व्यापार और रोजगार का मंच दिया है, बल्कि बस्तर की धरती पर ‘स्वदेशी से देश की समृद्धि’ के भाव को नई ऊर्जा के साथ जीवंत किया है।

➡️गौरवशाली उपस्थिति..

इस अवसर पर पूर्व मंत्री  महेश गागड़ा, जगदलपुर महापौर  संजय पाण्डे, पूर्व विधायक  बैदूराम कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष  वेदप्रकाश पाण्डे, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती सुधा मिश्रा, सभापति  खेमसिंह देवांगन, निगम के एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, मेला आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button