60 साल बेमिसाल’ एलुमनी मीट पर विद्यालय को मिला विकास का सहयोग

लोहाण्डीगुड़ा =पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, लोहाण्डीगुड़ा में दिनांक 23 एवं 24 जनवरी 2026 को आयोजित ‘60 साल बेमिसाल’ एलुमनी मीट के अवसर पर विद्यालय को महत्वपूर्ण विकासात्मक सहयोग प्राप्त हुआ। इस गरिमामय समारोह में विद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में श्री कमलोचन कश्यप (डीआईजी दंतेवाड़ा) द्वारा विद्यालय के आईटी लैब एवं पुस्तकालय के विकास हेतु ₹1,11,111/- (एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह रुपये) का चेक प्रदान किया गया।
यह चेक पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, लोहाण्डीगुड़ा को औपचारिक रूप से सौंपा गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक खापर्डे उपस्थित रहे। श्री कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय ने उनके जीवन को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वे भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित करने पर विशेष जोर दिया।
प्राचार्य अशोक खापर्डे ने इस सहयोग के लिए कमलोचन कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि विद्यालय के आईटी लैब एवं पुस्तकालय को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी। विद्यालय परिवार ने एलुमनी मीट को पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच प्रेरणादायक सेतु बताया।
कार्यक्रम स्मृतियों, सम्मान और गौरवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न वर्षों के पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।




