जगदलपुर

श्री ओंकारेश्वर मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन महाभंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

जगदलपुर:- मैत्री संघ मार्ग स्थित प्राचीन श्री ओंकारेश्वर मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन आज श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य महाभंडारे के आयोजन के साथ हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन आयोजित महाभंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और पुण्य लाभ अर्जित किया।

महाभंडारे से पूर्व मंदिर परिसर में विधिविधान पूजा-अर्चना एवं महाआरती संपन्न हुई। इसके पश्चात भगवान श्री ओंकारेश्वर को प्रसाद का भोग अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें नगर के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, सांसद महेश कश्यप, भोजराज नाग, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, बैदूराम कश्यप सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शहर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, वार्डवासी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं महापौर संजय पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर का जीर्णोद्धार कर उसे भव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में स्थित यह मंदिर 100 वर्षों से भी अधिक पुराना है और इसका ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व रहा है। प्राण-प्रतिष्ठा के पश्चात अब भक्तगण नियमित रूप से मंदिर में आकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे, जिससे पूरे वार्ड में भक्तिमय एवं सकारात्मक वातावरण बना रहेगा।

श्री पाण्डेय ने सफल आयोजन के लिए मंदिर समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, वार्डवासियों, मीडियाकर्मी एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन भव्य एवं सफल रूप से संपन्न हो सका। उल्लेखनीय है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड अंतर्गत मैत्री संघ मार्ग स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में बीते पांच दिनों से प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव चल रहा था, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन एवं कार्यक्रम आयोजित किए गए। आज महाभंडारे के साथ इस पावन आयोजन का विधिवत समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button