शासन को नई दिशा-बस्तर संभाग में आईगॉट कर्मयोगी प्रशिक्षण सह कार्यशाला का हुआ आयोजन
डिजिटल प्रशासन एवं सुशासन की ओर तेज कदम

जगदलपुर =20 फरवरी 2026/ राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आईगॉट कर्मयोगी कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकारियों की प्रशासनिक क्षमता निर्माण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बस्तर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन 20 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे कलेक्टर कार्यालय जगदलपुर के प्रेरणा सभागार में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण सह कार्यशाला की अध्यक्षता कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह द्वारा की गई। राज्य स्तर से विशेष मार्गदर्शन हेतु अवर सचिव सामान्य प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं नोडल अधिकारी आईगॉट कर्मयोगी अंजू सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने अधिकारियों को विस्तृत, व्यावहारिक एवं प्रेरणादायक प्रशिक्षण प्रदान किया।
कार्यशाला में कलेक्टर बस्तर आकाश छिकारा, सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन सहित जिले के राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि संभाग के अन्य जिलों के कलेक्टर्स और अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल तौर पर जुड़े रहे।
➡️पंचम सोपान पूर्ण-राज्यव्यापी क्षमता निर्माण का नया अध्याय प्रारंभ
बस्तर संभाग में आयोजित यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ के पाँचों संभागों में संचालित श्रृंखला का पंचम एवं समापन सोपान रहा। इसके साथ ही राज्य स्तर पर संभागीय प्रशिक्षण चरण पूर्ण हुआ तथा अब यह पहल जिला स्तर पर संरचित एवं व्यवस्थित क्रियान्वयन के अगले चरण में प्रवेश कर रही है।
संभागीय प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त मार्गदर्शन, मॉड्यूल संरचना एवं क्रियान्वयन रणनीति को आधार बनाकर अब प्रत्येक जिले में कलेक्टर के नेतृत्व में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आईगॉट प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित करने, भूमिका-आधारित एवं विभागीय पाठ्यक्रमों का चयन करने, उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा प्रत्येक कोर्स पूर्ण होने पर प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
यह चरण केवल प्रशिक्षण का विस्तार नहीं, बल्कि प्रशासनिक कार्य संस्कृति में स्थायी परिवर्तन की दिशा में एक ठोस कदम है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक अधिकारी को निरंतर अधिगम से जोड़ना, डिजिटल दक्षता को संस्थागत स्वरूप देना तथा परिणामोन्मुख एवं नागरिक-केंद्रित प्रशासन की आधारशिला को और सुदृढ़ करना है।
प्रशिक्षण के प्रमुख विषय आईगॉट प्लेटफॉर्म पर अनिवार्य पंजीकरण, भूमिका-आधारित एवं विभागीय कोर्स का चयन, कोर्स की समयबद्ध पूर्णता एवं सर्टिफिकेट प्राप्ति, प्रगति मॉनिटरिंग एवं निरंतर अधिगम और प्रशासनिक कार्यकुशलता एवं पारदर्शिता में सुधार रहे हैं।
यह पहल मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन विकास शील के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य स्तर पर प्रभावी रूप से संचालित हो रही है। वहीं सचिव सामान्य प्रशासन विभाग अविनाश चंपावत द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप मिशन कर्मयोगी का सुदृढ़ क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला में कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने इसे प्रशासनिक संस्कृति में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम निरूपित करते हुए कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्र में यह प्रशिक्षण प्रशासन के कार्यों एवं विकास कार्यों को नई गति देगा। वहीं कलेक्टर बस्तर आकाश छिकारा ने कहा कि समय के साथ स्वयं को अपडेट करना जरूरी है यह क्षमता विकास के साथ दायित्व निर्वहन में सहायक साबित होती है। उन्होंने प्रशिक्षण सह कार्यशाला में शामिल सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर ढंग से सीखने-समझने कहा।
यह प्रशिक्षण अधिकारियों में डिजिटल अधिगम की भावना को सशक्त करेगा, उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि करेगा तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति प्रदान करेगा। मिशन कर्मयोगी की भावना के अनुरूप प्रशासन को अधिक उत्तरदायी, नागरिक-केंद्रित एवं परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।



