जगदलपुर

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बकावंड क्षेत्र को दी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात; शिक्षा और संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बकावंड क्षेत्र में किया करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन; बाली उत्सव में भी हुए शामिल

जगदलपुर : आज बस्तर लोकसभा के विकासखंड बकावंड के ग्राम कोसमी,राजनगर,बोरीगाँव और पाउरबेल में बस्तर सांसद महेश कश्यप एक दिवसीय सघन प्रवास पर रहे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। ग्रामों में पहुँचने पर स्थानीय ग्रामीणों और पारंपरिक लोक कलाकारों ने गाजे बाजे के साथ सांसद महेश कश्यप का आत्मीय व भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुष्पहारों और पारंपरिक तिलक के साथ अपने जनप्रतिनिधि का अभिनंदन कियाl

​सांसद कश्यप ने इस दौरे के माध्यम से क्षेत्र के शैक्षणिक और सांस्कृतिक ढांचे को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने ग्राम कोसमी और तोंगकोंगेरा में 100-100 सीटर प्री-मैट्रिक छात्रावास भवनों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन छात्रावासों के निर्माण से वनांचल और दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को रहने और शिक्षा प्राप्त करने के लिए सुसज्जित एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा। इसी क्रम में उन्होंने ग्राम बोरीगाँव में हाई स्कूल भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया,जिससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुगमता बढ़ेगी।

क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर और देव-परंपरा के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सांसद कश्यप ने राजनगर में बाली उत्सव हेतु विशेष मंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने राजनगर और पाऊरबेल में आयोजित ‘बाली उत्सव’ में शामिल हुए। उत्सव के दौरान उन्होंने स्थानीय देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर बस्तर की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विकास केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारी देव संस्कृति और परंपराओं को सहेजना भी हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सोनबारी भद्रे,भाजपा मंडल अध्यक्ष तरुण पांडे, जितेंद्र पाणिग्रही, मंडल अध्यक्ष पीतांबर कश्यप,धनुर्जय कश्यप,जनपद सदस्य अनिल बीसाई, जनपद सदस्य निरबती बघेल, सरपंच नीलम कश्यप, रणवीर सिंह बैस, मनोज बिसाई, निरंजन चंद्राकर, जगन्नाथ ठाकुर, तर्मेंद्र बिसाई, प्रतीक बैस, दूरजो पुजारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता की गरिमामयी उपस्थिति रहीl

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button