बकावंड में रेत के अवैध उत्खनन पर कार्यवाही, भस्कली नदी से पोकलेन मशीन जब्त

जगदलपुर =14 मार्च जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को रोकने के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार 14 मार्च को तहसील बकावंड के ग्राम तारापुर में खनिज विभाग द्वारा एक बड़ी कार्यवाही की गई। खनि अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में खनिज दल ने छत्तीसगढ़ और ओड़िशा राज्य की अंतर्राज्यीय सीमा पर स्थित भस्कली नदी पर औचक जहाँ बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा था।
खनिज विभाग के जाँच के दौरान मौके पर रेत निकालते हुए एक पोकलेन मशीन पाई गई, जिसे विभाग ने तत्काल प्रभाव से सील कर सुपुर्दगी में ले लिया है। साथ ही उक्त प्रकरण में नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जा रही है। इस कार्यवाही में जिला खनिज जाँच दल से सहायक खनि अधिकारी श्री जागृत गायकवाड़, खनि सिपाही डिकेश्वर खरे सहित महादेव सेठिया, देवी राम और सहदेव सक्रिय रूप से मौजूद रहे। विभागीय जानकारी के अनुसार आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की औचक जाँच और निरंतर निगरानी जारी रहेगी।



