नारायणपुर

जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता — केदार कश्यप

राम नवमी पर मंदिरों में उमड़ी आस्था, मंत्री ने किए प्रभु श्रीराम व माता शीतला के दर्शन

➡️ढोल और पारंपरिक तोड़ी बाजा बजाकर मंत्री ने बांधा भक्तिमय समां

नारायणपुर – नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने सर्किट हाउस नारायणपुर में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों और वार्डों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री श्री कश्यप ने सभी की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों को राहत पहुंचाना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इसके पश्चात राम नवमी के पावन अवसर पर मंत्री श्री कश्यप नगर स्थित श्री राम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभु श्रीराम के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से ओतप्रोत नजर आया।

इसके बाद मंत्री श्री कश्यप शीतला मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माता शीतला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर वे श्रद्धा और उत्साह के साथ ढोल तथा पारंपरिक तोड़ी बाजा बजाते हुए भी नजर आए। मंत्री के इस सहज और भक्तिमय रूप को देखकर उपस्थित श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। मंत्री श्री कश्यप ने सभी को राम नवमी के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button