जगदलपुरनारायणपुर

वन मंत्री केदार कश्यप ने दी 17.59 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, नारायणपुर के विकास को मिली नई रफ्तार

नारायणपुर को विकास की नई पहचान देने की दिशा में तेजी से हो रहा काम – वन मंत्री केदार कश्यप

➡️नालंदा परिसर, नेशनल हाईवे सहित 11 कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन

➡️ वन मंत्री ने हितग्राहियों को वितरित किए 20-20 हजार के चेक और आवास प्रमाण पत्र

 ➡️नालंदा परिसर से नारायणपुर के युवाओं को मिलेगा आधुनिक अध्ययन का सशक्त मंच

जगदलपुर/नारायणपुर = प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने अपने एकदिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान जिले को 17 करोड़ 59 लाख 57 हजार रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर जिले के समग्र विकास को नई दिशा और गति प्रदान की।

कार्यक्रम में नेशनल हाईवे-130डी के मजबूतीकरण, आधुनिक सुविधाओं से युक्त नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी एवं रीडिंग जोन) सहित जिला खनिज न्यास (DMF) और नगरीय निकाय क्षेत्र के अंतर्गत स्वीकृत कुल 11 महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। यह सभी परियोजनाएं क्षेत्र में शिक्षा, आवागमन और शहरी विकास को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

➡️नालंदा परिसर बनेगा युवाओं के सपनों को साकार करने का केंद्र

वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि नालंदा परिसर का निर्माण नारायणपुर के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। यहां आधुनिक अध्ययन संसाधन, शांत वातावरण और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे अबूझमाड़ सहित दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को भी उच्च शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और वे इंजीनियर, डॉक्टर एवं प्रशासनिक सेवाओं में अपनी पहचान बना सकेंगे।

➡️बेहतर सड़क, बेहतर भविष्य

उन्होंने गढ़बेंगाल चौक से बखरूपारा मार्ग के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग 130डी के मजबूतीकरण कार्य को क्षेत्र के विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि इससे आवागमन सुगम होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण-शहरी संपर्क मजबूत होगा। इससे न केवल आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी बल्कि नागरिकों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।

➡️विकास और विश्वास की नई कहानी लिख रहा नारायणपुर

वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है, जिसके परिणामस्वरूप अब नारायणपुर और अबूझमाड़ क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। आज यह क्षेत्र शांति, विकास और विश्वास की नई पहचान बना रहा है।

➡️हितग्राहियों को मिला सीधा लाभ

कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए—

• राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत 03 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये के चेक वितरित किए

• प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के तहत 25 हितग्राहियों को अनुज्ञा प्रमाण पत्र प्रदान किए

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग—किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंदों—के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

➡️टीमवर्क से हो रहा समग्र विकास

वन मंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह के सामूहिक प्रयासों से नारायणपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भविष्य में भी इसी समर्पण और समन्वय के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल सहित जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button