निर्माणाधीन नयापारा मुख्य मार्ग का डामरीकरण आरंभ दशहरा दीपावली के दृष्टिगत सर्वप्रथम निर्माणाधीन सड़क के अधूरे हिस्से में हो रहा डामरीकरण, योजनाबद्ध रूप से आकार लेगी चौड़ी सड़क
भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का माना आभार

जगदलपुर =मोतीलाल नेहरू वार्ड में निर्माणाधीन नयापारा मुख्य मार्ग में डामरीकरण का कार्य आज बुधवार से आरंभ हो गया है ।लोकनिर्माण विभाग द्वारा सर्वप्रथम निर्माणाधीन सड़क के अधूरे भाग में प्राथमिकता से डामरीकरण कराया जा रहा है, जिससे कि सामने दशहरा व दीपावली पर्व में लोगों को आवागमन में असुविधा न हो। मोतीलाल नेहरू वार्ड के भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि नयापारा मुख्य मार्ग का 1करोड 94 लाख 47 हजार रुपये की लागत से चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव के सार्थक प्रयास से ही साकार रूप लेने को अग्रसर है। लगभग 600 मीटर लम्बाई वाला नयापारा मुख्य मार्ग शहर के प्रमुख मार्गों में एक है। जिसका चौड़ीकरण व उन्नयन कार्य योजनाबद्ध रूप से शीघ्रता से पूरा किया जायेगा। चौड़ीकरण हेतु 2 करोड़ 64 लाख 19 हज़ार का रिवाइज इस्टीमेट भी लोक निर्माण विभाग ने शासन को स्वीकृति के लिये भेजा है, जो जल्द स्वीकृत होगा। 
भाजपा पार्षद श्री अवस्थी ने कहा कि नयापारा मुख्य मार्ग में 10 मीटर चौड़ी सड़क और दोनों ओर बड़ी नाली का निर्माण होना है। तेजी से विस्तार पाते शहर और बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुये नयापारा मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण और उन्नयन हो रहा है। शहर को एक अच्छी व सुगमतापूर्वक यातायात हेतु चौड़ी सड़क भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के सार्थक प्रयास से जल्द ही सौगात स्वरूप मिलेगी।




