बस्तर के समग्र पर्यटन विकास के लिए सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से की मुलाकात
विश्वस्तरीय पर्यटन सुविधाओं, ग्रामीण पर्यटन सर्किट एवं विशेष विकास कार्ययोजना की मांग

जगदलपुर = बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर बस्तर के समग्र एवं सतत पर्यटन विकास के लिए विशेष पर्यटन विकास कार्ययोजना तैयार कर स्वीकृत करने का आग्रह किया। इस अवसर पर सांसद ने केंद्रीय मंत्री द्वारा हाल ही में एक कार्यक्रम में बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं की सराहना किए जाने पर उनका आभार भी व्यक्त किया।
सांसद महेश कश्यप ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि बस्तर अपनी प्राकृतिक सुंदरता,ऐतिहासिक धरोहरों,जनजातीय संस्कृति,भव्य जलप्रपातों, गुफाओं,राष्ट्रीय उद्यानों तथा धार्मिक स्थलों के कारण देश विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि यदि इन पर्यटन स्थलों का सुनियोजित एवं आधुनिक ढंग से विकास किया जाए, तो बस्तर देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकता है।
सांसद ने चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात,राष्ट्रीय उद्यान,अभ्यारयों,कुटुमसर गुफा, कैलाश गुफा,प्राचीन मंदिरो सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के विश्वस्तरीय विकास,बेहतर सड़क संपर्क,आधुनिक पर्यटक सुविधाओं तथा आवश्यक आधारभूत संरचना के विस्तार की मांग की। इसके साथ ही ग्रामीण पर्यटन सर्किट,होमस्टे,इको टूरिज्म,एडवेंचर टूरिज्म एवं वाइल्ड लाइफ टूरिज्म को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी विशेष जोर दिया।
अपने पत्र में सांसद कश्यप ने बस्तर दशहरा,बस्तर पंडुम सहित अन्य सांस्कृतिक आयोजनों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन ब्रांड के रूप में विकसित करने, डिजिटल प्रचार प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाने,पर्यटन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने तथा विजन इंडिया 2047 एवं पर्यटन मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बस्तर के लिए विशेष वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि निश्चित ही केंद्र सरकार के सहयोग से बस्तर पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी,युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा बस्तर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।




