कांग्रेस की दोहरी नीति उजागर, नक्सलियों के समर्थन पर चुप्पी क्यों साधते हैं दीपक बैज : केदार कश्यप
भाजपा ने हमेशा नक्सलियों की कड़ी भर्त्सना की, कांग्रेस शहीदों के नाम पर न करे राजनीति : केदार कश्यप

⭕पांच साल सरकार में रही कांग्रेस, झीरम के कथित साक्ष्य आखिर कहां गए : केदार कश्यप
रायपुर = वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने झीरम घाटी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी वीर सपूतों और शहीदों का अपमान नहीं किया। झीरम घाटी की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण थी और भाजपा सरकार एवं संगठन ने हमेशा नक्सलियों की कड़ी भर्त्सना की है।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि दीपक बैज भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपनी पार्टी के नेताओं के बयानों का जवाब दें। राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह अथवा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं की ओर से नक्सलवाद को लेकर विवादित बयान सामने आते हैं या हिड़मा को ‘रोल मॉडल’ बताने जैसी बातें कही जाती हैं, तब कांग्रेस नेतृत्व चुप्पी क्यों साध लेता है? यही कांग्रेस की दोहरी मानसिकता और दोहरी नीति को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ओर शहीदों के नाम पर राजनीति करती है, वहीं दूसरी ओर नक्सलियों के प्रति सहानुभूति वाले बयानों पर मौन रहती है। दीपक बैज को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए कि ऐसे बयानों का वे खुलकर विरोध क्यों नहीं करते?
श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के तत्कालीन मुख्यमंत्री लगातार दावा करते रहे कि उनके पास झीरम घटना से जुड़े पूरे साक्ष्य मौजूद हैं। प्रदेश में पांच वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही, फिर वे साक्ष्य सामने क्यों नहीं आए? यदि कांग्रेस के पास साक्ष्य थे तो उन्हें सार्वजनिक करने और उचित कार्रवाई करने से किसने रोका?
मंत्री श्री कश्यप ने कहा, “झीरम के शहीदों के नाम पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करना बंद करें। शहीदों का सम्मान हमारे लिए राजनीति का विषय नहीं, बल्कि सर्वोपरि है। देश अपने वीर सपूतों का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।




