बस्तर जिले में गरिमामय और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी

➡️जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट प्लाटूनों को किया पुरस्कृत
जगदलपुर = 15 अगस्त ऐतिहासिक लाल बाग मैदान में 80 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला स्तरीय इस मुख्य समारोह में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम जारी संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि ने परम्परा के अनुसार शहीद परिवारों और भूतपूर्व सैनिकों से भी मुलाकात की। इस दौरान मंच पर कमिश्नर श्री डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा उपस्थित थे।
स्वतंत्रता पर्व की 80 वीं वर्षगांठ के अवसर पर परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण भारती और परेड टू आईसी उप निरीक्षक श्री ओम प्रकाश के नेतृत्व में 16 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर आकर्षक मार्च पास्ट किया। मार्चपास्ट में शस्त्र सहित दल में सीआरपीएफ 241 (महिला) बटालियन सेड़वा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सीआरपीएफ 80 (पुरुष) बटालियन कैंप जगदलपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा जिला नगर सेना महिला बल बस्तर ने तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया। इसी वर्ग में परेड में शामिल अन्य दलों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं शस्त्र रहित दल श्रेणी में एनसीसी पीएम श्री सेजेस जूनियर डिवीजन, धरमपुरा (जगदलपुर) ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस श्रेणी में पीजी कॉलेज, धरमपुरा-02 द्वितीय स्थान पर तथा एनसीसी सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, जूनियर विंग (जगदलपुर) तृतीय स्थान पर रहा। इसके अलावा अन्य दलों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
मुख्य अतिथि द्वारा इस अवसर पर नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों से भेंटकर शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल, संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर, निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जगदलपुर और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तितिरगांव के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायकों के मूल्यांकन के बाद सांस्कृतिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए माता रुक्मणी कन्या आश्रम डिमरापाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि संस्कार द गुरुकुल चिड़ईपदर को द्वितीय तथा निर्मल हायर सेकेंडरी स्कूल को तृतीय स्थान हासिल हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर श्री संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित बहुसंख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।




