नानगुर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन बस्तर में अंतिम छोर तक विकास पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता-सांसद महेश कश्यप
शिविर में मौके पर 235 आवेदनों पत्रों का निराकरण

जगदलपुर =02 अक्टूबर दशकों तक उपेक्षा और नक्सलवाद का दंश झेलने वाला बस्तर अब बुनियादी सुविधाओं और चौतरफा विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। नानगुर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय विशेष सेवा सेतु शिविर के दौरान क्षेत्रीय सांसद श्री महेश कश्यप ने यह बात कही। कार्यक्रम के दौरान नमो सेवा गाथा का प्रभावी मंचन भी किया गया, जिसमें केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और सेवा भाव को रेखांकित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद श्री कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार का मुख्य ध्येय समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का सर्वांगीण उत्थान है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला, जनधन, महतारी वंदन, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए बताया कि इन पहलों से ग्रामीणों के जीवन स्तर में ठोस बदलाव आया है।
शिविर के उद्देश्य को रेखांकित करते हुए सांसद ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक या अन्य तकनीकी विसंगतियों का निवारण मौके पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सभी पात्र ग्रामीणों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने का आह्वान किया। श्री कश्यप ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समर्पित जनसेवा ही सबसे सशक्त माध्यम है।
शिविर में प्राप्त कुल 235 आवेदनों पत्रों का मौके पर निराकरण किया गया। इस दौरान शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। जिसके तहत प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत लाभान्वित चार हितग्राहियों को उनके नवीन आवासों की चाबी सौंपी गई। वहीं कृषि विभाग द्वारा 10 किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा राज्य स्तरीय टैलेंट तिहार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्सावर्धन किया गया। साथ ही मुस्कुराता बस्तर स्पर्धा के तीन बच्चों को पांच-पांच हजार रूपए की सम्मान निधि से पुरस्कृत किया गया। राजस्व विभाग द्वारा पांच किसानों को भू अधिकार अभिलेख तथा पांच किसानों को खसरा-बीवन नकल प्रदाय किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चार हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों सहित एसडीएम मनीष वर्मा, उप संचालक पंचायत बिरेन्द्र बहादुर के अलावा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं ब्लाॅक स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।




