राशनकार्ड में ई-केवायसी कराने 30 अक्टूबर तक का अंतिम अवसर सत्यापन न होने पर डेटाबेस से कटेंगे नाम
ई-केवायसी कार्य की माॅनिटरिंग हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त

जगदलपुर =19 अक्टूबर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत प्रचलित राशनकार्डों में दर्ज सदस्यों के ई-केवायसी सत्यापन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, नवा रायपुर द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिले के सभी शेष सदस्यों का सत्यापन 30 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने का आदेश जारी किया गया है। जिसमें स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ राशनकार्ड नियम 2016 के तहत स्थानीय निकायों के विहित प्राधिकारियों और सत्यापनकर्ता अधिकारियों के माध्यम से सत्यापन कराया जा रहा है, और इस दौरान जो सदस्य सत्यापन में नहीं पाए जाएंगे, उनके नाम राशनकार्ड डेटाबेस से सीधे निरस्त कर दिए जाएंगे।
जिले के अंतर्गत वर्तमान में विभिन्न विकासखंडों और नगरीय निकायों को मिलाकर कुल 72 हजार 133 सदस्यों का ई-केवायसी सत्यापन शेष है। इनमें बकांवड में 14 हजार 492, बस्तर जनपद में 13 हजार 734, जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में 13 हजार 52 तथा जगदलपुर ग्रामीण क्षेत्र में 9 हजार 413 सदस्यों का सत्यापन होना बाकी है। इसके अलावा लोहण्डीगुडा में 6 हजार 266, तोकापाल में 5 हजार 844, दरभा में 4 हजार 202, बास्तानार में 4 हजार 196 और नगर पंचायत बस्तर में 934 सदस्यों का ई-केवायसी लंबित है।
इस महत्वपूर्ण अभियान को तय समय-सीमा में त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के लिए विकासखंड और नगरीय निकायवार नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके तहत जगदलपुर ग्रामीण हेतु जनपद सीईओ बीरेन्द्र बहादुर एवं खाद्य निरीक्षक श्रीमती पायल वर्मा, बस्तर ग्रामीण हेतु जनपद सीईओ श्रीमती श्वेता वर्मा एवं खाद्य निरीक्षक तोरण नेताम, बकांवड हेतु जनपद सीईओ श्रीमती श्वेता साहू एवं खाद्य निरीक्षक हेमन्त ब्रम्हभट्ट, तोकापाल हेतु जनपद सीईओ नीलू टिर्की एवं खाद्य निरीक्षक उमेश चैधरी, दरभा हेतु जनपद सीईओ एम. आर. कश्यप एवं सहायक खाद्य अधिकारी जतीन देवांगन, बास्तानार हेतु जनपद सीईओ एस. एस. मण्डावी एवं खाद्य निरीक्षक शेख अब्दुल कादिर, लोहण्डीगुडा हेतु जनपद सीईओ धनेश पांडे एवं सहायक खाद्य अधिकारी श्रीमती दिव्यारानी कार्यान्त, जगदलपुर शहरी क्षेत्र हेतु नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा एवं खाद्य निरीक्षक श्रीमती पायल वर्मा, तथा नगर पंचायत बस्तर हेतु सीएमओ तरून पाल लहरे एवं खाद्य निरीक्षक तोरण नेताम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन सभी सहायक नोडल अधिकारियों को अपने प्रभार क्षेत्र के मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अपनी सीधी निगरानी में कार्य पूर्ण कराने और समय-सीमा समाप्त होने पर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राशनकार्ड हितग्राहियों से भी अपील की गई है कि वे राशनकार्ड से नाम कटने और भविष्य में राशन प्राप्ति में होने वाली असुविधा से बचने के लिए 30 अक्टूबर से पहले अपने संबंधित उचित मूल्य दुकान या केंद्र में जाकर ई-केवायसी सत्यापन अवश्य करा लें।




