स्वदेशी मेले में 223 स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र, देशभर के स्वदेशी उत्पादों से गुलजार हुआ लालबाग मैदान

जगदलपुर =19 अक्टूबर जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित स्वदेशी मेला इन दिनों लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मेले में लगाए गए 223 स्टॉलों में देश के विभिन्न राज्यों के स्वदेशी उत्पादों की विविधता देखने को मिल रही है। रंग-बिरंगे सामानों, पारंपरिक हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग की वस्तुओं, कपड़ों और खान-पान के उत्पादों से पूरा मेला परिसर गुलजार है। स्वदेशी उत्पादों की यह विविधता स्थानीय नागरिकों को एक ही स्थान पर देश के अलग-अलग हिस्सों की कला, संस्कृति और उद्यमिता से रूबरू करा रही है।
मेले में सहारनपुर के लकड़ी से बने आकर्षक उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। लकड़ी पर की गई बारीक नक्काशी और पारंपरिक कारीगरी से तैयार सजावटी एवं घरेलू उपयोग की वस्तुएं लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। वहीं, मिर्जापुर के प्रसिद्ध कार्पेट अपनी सुंदर डिजाइन, आकर्षक रंगों और उत्कृष्ट बुनाई के कारण लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इन उत्पादों के माध्यम से देश के पारंपरिक कारीगरों की मेहनत, हुनर और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्पकला को प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
मेले में गुजरात की नमकीन और मुखवास सहित विभिन्न राज्यों के पारंपरिक खाद्य उत्पाद भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके साथ ही झूले, आकर्षक कपड़े, घरेलू सजावट की वस्तुएं, हस्तनिर्मित सामान और अनेक प्रकार के स्वदेशी उत्पाद मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं। विभिन्न राज्यों से आए व्यापारियों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए मंच मिल रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वदेशी वस्तुओं के प्रति रुचि बढ़ने के साथ कारीगरों और उद्यमियों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
यह स्वदेशी मेला केवल खरीदारी का केंद्र ही नहीं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का माध्यम भी है। 223 स्टॉलों के माध्यम से देश की विविध कला, संस्कृति, पारंपरिक कौशल और स्थानीय उत्पादों को एक मंच पर देखने का अवसर मिल रहा है। मेले में स्वदेशी वस्तुओं की बढ़ती लोकप्रियता लोगों को स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों के उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। इस आयोजन से जगदलपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है और स्वदेशी उत्पादों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल देखने को मिल रही है।



