सुकमा

किस्ताराम में अंतर्राज्यीय सागौन तस्करी का भंडाफोड़ वन विभाग ने 7.50 लाख की लकड़ी किया जब्त

सुकमा = सुकमा वनमंडल के किस्ताराम परिक्षेत्र में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय सागौन तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिंदूरगुड़ा पंचायत क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित आरा मशीन पर छापा मारकर भारी मात्रा में सागौन लकड़ी जब्त की गई, जहां लकड़ी का अवैध प्रसंस्करण किया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस अवैध गतिविधि का मुख्य आरोपी तेलंगाना राज्य का निवासी है, जो किस्ताराम क्षेत्र में सक्रिय रहकर सागौन लकड़ी की अवैध कटाई, चिरान और तस्करी में शामिल था। संयुक्त टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। साथ ही उसके नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

डीएफओ  अक्षय भोंसले ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 6.239 घनमीटर सागौन लकड़ी जब्त की गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 7.50 लाख रुपये है। जब्त सामग्री का पंचनामा तैयार कर वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस अभियान का नेतृत्व एसडीओ अशोक भट्ट और रेंजर लक्ष्मीनाथ नाग के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें किस्ताराम, कोन्टा और गोलापल्ली परिक्षेत्र के वन अमले के साथ पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्रवाई के दौरान टीम को स्थानीय स्तर पर विरोध और प्रतिरोध का सामना करना पड़ा, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति भी बनी, लेकिन वन विभाग और पुलिस ने संयम और सतर्कता से अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुकमा वन मंडल में अवैध कटाई, लकड़ी तस्करी और वन अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा तथा सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और गश्त को और मजबूत किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button