हर घर जल लक्ष्य पर फोकस: सुकमा से केंद्रीय सचिव ने ली प्रदेशभर के कलेक्टरों की बैठक
जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में केंद्रीय सचिव कमल किशोर सोन ने दिए आवश्यक निर्देश

सुकमा = भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक कमल किशोर सोन ने शनिवार को सुकमा कलेक्ट्रेट के एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से बस्तर संभाग सहित प्रदेश के समस्त जिलों के कलेक्टरों के साथ जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान मिशन संचालक छत्तीसगढ़ जितेन्द्र शुक्ला, बस्तर संभागायुक्त डोमन सिंह भी उपस्थित थे। बैठक में मिशन के कार्यों की प्रगति, पेयजल व्यवस्था तथा गर्मी के मौसम में उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान श्री सोन ने सभी जिलों के कलेक्टरों से जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति, कार्यप्रगति, विभिन्न समस्याओं तथा उनके निराकरण हेतु बनाई गई कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने बढ़ती गर्मी को देखते हुए पेयजल संकट की स्थिति एवं उससे निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है, वहां की समस्याओं को चिन्हांकित कर समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी परिवार को जल संकट का सामना न करना पड़े तथा जिले के अंतिम हितग्राही तक योजना का लाभ पहुंच सके। श्री सोन ने कहा कि जिन क्षेत्रों में वर्तमान में पेयजल की समस्या बनी हुई है, वहां यह जानकारी एकत्रित की जाए कि ग्रामीण वर्तमान में पानी कहां से प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे क्षेत्रों को मैप कर ट्यूबवेल, सोलर पंप जैसी वैकल्पिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
बैठक में उन्होंने प्रत्येक गांव में कम से कम एक व्यक्ति को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, जिससे जल जीवन मिशन अंतर्गत स्थापित बोर, सोलर पंप एवं पेयजल व्यवस्था में आने वाली छोटी तकनीकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान किया जा सके। इसके साथ ही जल सेवा आंकलन के माध्यम से ऐसे परिवारों एवं क्षेत्रों को चिन्हांकित करने के निर्देश दिए गए, जो अब तक योजना के लाभ से वंचित हैं, ताकि उन्हें भी जल जीवन मिशन से जोड़ा जा सके।
उन्होंने आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा वहां पानी की कमी न होने देने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में प्रदेश के सभी कलेक्टरों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ग्राम पंचायत विकास योजना के अंतर्गत जल संबंधी कार्यों की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। मीटिंग के दौरान सुकमा कलेक्टर अमित कुमार, अतिरिक्त मिशन संचालक ओंकेश चंद्रवंशी, मुख्य अभियंता जीएल लखेरा, अधीक्षण अभियंता कैलाश मढ़रिया, एसडीओ गौरव सोनकिया एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




