सुकमा

सुशासन तिहार 2026 पेड़ के नीचे लगी चौपाल, कलेक्टर ने ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद

हमीरगढ़-जैमेर-पेरमारास में योजनाओं का मिला त्वरित लाभ

सुकमा = जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बुधवार को हमीरगढ़, जैमेर एवं पेरमारास में सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं हितग्राही उपस्थित रहे। इन शिविरों का निरीक्षण कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ  मुकुन्द ठाकुर के द्वारा किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का विभागीय समन्वय के साथ त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से जानकारी दी जाए, ताकि आमजन को बिना किसी परेशानी के योजनाओं का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जैमेर और पेरमारास में प्रशासन का मानवीय स्वरूप देखने को मिला, जब कलेक्टर  अमित कुमार, जिला सीईओ  मुकुन्द ठाकुर एवं अन्य अधिकारी पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों के बीच बैठ गए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सीधे सुने। कलेक्टर ने पीएम आवास, जल जीवन मिशन, राशन वितरण, आंगनबाड़ी सेवाओं, एग्रीस्टेक पंजीयन, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं बोनस भुगतान जैसी योजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त किया। ग्रामीणों ने योजनाओं की प्रगति की सराहना करते हुए प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताया।

शिविरों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही अनेक कार्यों का त्वरित निष्पादन किया गया। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जॉब कार्ड तथा जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीकरण जैसे कार्यों का तेजी से निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी तत्परता से पूरी की गई। सुशासन तिहार के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए शासन की सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों को त्वरित राहत प्रदान करना है। इस अवसर पार एसडीएम  पीवी खेस सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button