नारायणपुर

भाजपा सत्ता नहीं, सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है” — केदार कश्यप

➡️नारायणपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ, वैचारिक ऊर्जा और संगठनात्मक उत्साह से ओतप्रोत रहे विभिन्न सत्र

नारायणपुर – भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ आज नारायणपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के सभागार में गरिमामय वातावरण में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में जिलेभर से पहुंचे अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का प्रारंभ कार्यकर्ताओं के पंजीयन से हुआ, जिसके पश्चात ध्वजारोहण एवं विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। प्रदर्शनी में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक यात्रा, संगठनात्मक संघर्ष, राष्ट्र निर्माण में योगदान एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। साथ ही जिले के उन दिवंगत समर्पित कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी प्रदर्शनी में लगाई गई थीं, जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया और आज हमारे बीच नहीं हैं। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके त्याग, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा को भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ स्मरण किया।

प्रदर्शनी में नारायणपुर जिले की प्राकृतिक सुंदरता, मनमोहक जलप्रपातों, पर्यटन स्थलों एवं समृद्ध जनजातीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली, जिसने सभी का विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रशिक्षण स्थल को संगठनात्मक संदेशों, राष्ट्रवादी विचारों और प्रेरणादायी चित्रों से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में वैचारिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने “हमारा इतिहास – विकास” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी की गौरवशाली यात्रा, संगठन के संघर्ष, कार्यकर्ताओं के समर्पण एवं राष्ट्रहित में किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, राष्ट्रवाद और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने “प्रशिक्षण वर्ग का महत्व” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की शक्ति को नई दिशा देने का माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं संगठन के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं।

द्वितीय सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने “विचार परिवार” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा भाव से प्रेरित संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की सोच के साथ समाज के बीच कार्य करता है और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता है।

वहीं जिला पंचायत कांकेर की अध्यक्ष किरण नरेटी ने “छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत एवं धरोहर” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी मनोज जैन ने “कार्यविस्तार” विषय पर कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण एवं जनसंपर्क अभियान की रणनीतियों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत बूथ स्तर का समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर संगठन की विचारधारा एवं सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वहीं जिला संगठन प्रभारी सुधीर पांडेय ने व्यवहारिक सत्र में संगठनात्मक अनुशासन, व्यवहार कुशलता एवं टीम भावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक कार्यकर्ता का व्यवहार ही संगठन की पहचान बनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच सकारात्मक संवाद, सरल व्यवहार और सेवा भाव के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम,भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, भाजपा प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य गौतम गोलछा,नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल,भाजपा जिला महामंत्री द्वय संदीप कुमार झा, पंकज जैन, जयप्रकाश शर्मा,संजय नंदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button