जगदलपुररायपुर

मध्य क्षेत्र बैठक से बस्तर को नई विकास गति मिलने की उम्मीद -केदार कश्यप

अमित शाह का बस्तर दौरा विकास और विश्वास का मजबूत संदेश - केदार कश्यप

➡️डबल इंजन सरकार में बदल रहा बस्तर का भविष्य

➡️बस्तर अब भय नहीं, विकास और संभावनाओं की पहचान – केदार कश्यप

रायपुर/जगदलपुर = मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के बस्तर आगमन को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने इसे बस्तर के विकास, सुरक्षा और विश्वास के नए दौर का प्रतीक बताया है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बीते दो वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। आज बस्तर केवल नक्सल चुनौती की पहचान नहीं, बल्कि विकास, विश्वास और संभावनाओं के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह बस्तर आने वाले सबसे सक्रिय प्रधानमंत्री और गृह मंत्री रहे हैं। दोनों शीर्ष नेताओं ने बार-बार बस्तर पहुंचकर यहां के लोगों का मनोबल बढ़ाया, विकास कार्यों की समीक्षा की और यह संदेश दिया कि केंद्र सरकार बस्तर के साथ मजबूती से खड़ी है।

मंत्री कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बस्तर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और संचार सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। दूरस्थ गांवों तक सड़कें पहुंच रही हैं, नए पुल-पुलियों का निर्माण हो रहा है तथा मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्र भी मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। जिन क्षेत्रों में कभी भय और बंदूक का माहौल था, वहां अब स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और बाजार विकसित हो रहे हैं। युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, खेल और कौशल विकास के नए अवसर मिल रहे हैं।

वन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार ने आदिवासी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। तेंदूपत्ता संग्राहकों, वनवासियों, किसानों और महिलाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव जमीन पर दिखाई दे रहा है। वनमंत्री केदार कश्यप ने विश्वास जताया कि अमित शाह के बस्तर दौरे और मध्य क्षेत्र बैठक से क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा बस्तर देश के सबसे तेज़ी से आगे बढ़ते आदिवासी अंचलों में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button