किसानों को मिलेगी आधुनिक बैंकिंग सुविधा : जिला सहकारी केंद्रीय बैंक का नया शाखा भवन तैयार
उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने किया निरीक्षण, किसानों और ग्राहकों को मिलेंगी बेहतर बैंकिंग सुविधाएं

➡️सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के करकमलों से शीघ्र होगा लोकार्पण, बैंकिंग सेवाओं को मिलेगी नई गति
➡️नवीन भवन के प्रारंभ होने से ग्रामीण अंचल के ग्राहकों को मिलेगी अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बैंकिंग सेवा – श्रीनिवास मिश्रा
जगदलपुर = किसानों और बैंक ग्राहकों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, नारायणपुर का नव निर्मित शाखा भवन पूरी तरह तैयार हो गया है। बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने रविवार को नवीन भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं बैंकिंग व्यवस्थाओं को देखा तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने बताया कि भवन का लोकार्पण शीघ्र ही छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के करकमलों से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नवीन शाखा भवन के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों, खाताधारकों एवं बैंक ग्राहकों को अधिक सुव्यवस्थित, सहज और बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही बैंक के कार्यों में भी तेजी और पारदर्शिता आएगी। 
इस अवसर पर नोडल शाखा प्रबंधक प्रतीक अवस्थी, समिति प्रबंधक भूषण पटेल, प्रकाश रावल सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




