छत्तीसगढ़रायपुर

वन मंत्री केदार कश्यप का कांग्रेस पर पलटवार

झीरम की त्रासदी पर राजनीति करना बंद करे कांग्रेस : केदार कश्यप

➡️अपने शासनकाल में जांच आगे नहीं बढ़ा पाने वाली कांग्रेस अब जनता को गुमराह कर रही

➡️भाजपा पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस अपने पांच साल का जवाब दे

रायपुर = झीरम घाटी की दर्दनाक घटना को लेकर कांग्रेस द्वारा दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि कांग्रेस एक बार फिर शहीद नेताओं की संवेदनाओं का राजनीतिक दोहन कर रही है। भाजपा और तत्कालीन सरकार पर निराधार आरोप लगाकर कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि झीरम घाटी की घटना पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक थी। इस घटना में कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सुरक्षाकर्मियों ने अपने प्राण गंवाए। भाजपा ने हमेशा इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की बात कही है। लेकिन कांग्रेस लगातार इस संवेदनशील विषय को राजनीतिक हथियार बनाकर जनता की भावनाओं को भड़काने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह बताए कि वर्ष 2018 से 2023 तक जब प्रदेश में उसकी सरकार थी, तब उसने जांच को अंतिम निष्कर्ष तक क्यों नहीं पहुंचाया? यदि कांग्रेस के पास इतने तथ्य और सबूत थे तो पांच वर्षों तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? केवल बयानबाजी और राजनीतिक आरोप लगाने से सत्य स्थापित नहीं होता।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को यह भी बताना चाहिए कि उनके शासनकाल में गठित एसआईटी ने आखिर क्या ठोस उपलब्धि हासिल की? कांग्रेस सरकार ने जनता को केवल आश्वासन दिया, लेकिन परिणाम शून्य रहे। अब सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा पर झूठे आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक जमीन बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पर षड्यंत्र और जांच रोकने जैसे आरोप पूरी तरह तथ्यहीन और दुर्भावनापूर्ण हैं। न्यायालयीन प्रक्रिया देश के संविधान और कानून के तहत चलती है। किसी भी पक्ष द्वारा कानूनी अधिकारों का उपयोग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, इसे षड्यंत्र बताना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।

वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को पहले आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर नक्सलवाद के नाम पर दशकों तक राजनीति करने वालों ने बस्तर को क्या दिया? भाजपा सरकार आज बस्तर में विकास, विश्वास और सुरक्षा का वातावरण तैयार कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण की योजनाओं के माध्यम से बस्तर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही।

उन्होंने कहा कि भाजपा शहीदों के सम्मान में राजनीति नहीं करती, बल्कि उनके सपनों का सुरक्षित और विकसित बस्तर बनाने के लिए कार्य कर रही है। कांग्रेस को चाहिए कि वह शहीद नेताओं की स्मृति का सम्मान करे और इस संवेदनशील विषय पर ओछी राजनीति बंद करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button