सहकारी कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए बैंक प्रबंधन प्रतिबद्ध
जिला सहकारी कर्मचारी संघ बस्तर ने धान उठाव एवं सूखत से जुड़ी समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

➡️बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप एवं उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने समस्याओं के निराकरण का दिया भरोसा*
➡️समितियों में सुचारू धान परिवहन और कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा
जगदलपुर = खरीफ विपणन कार्य से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं और धान उठाव में आ रही दिक्कतों को लेकर जिला सहकारी कर्मचारी संघ बस्तर के पदाधिकारियों ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर पहुंचकर बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप तथा उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संघ पदाधिकारियों ने धान उठाव की प्रक्रिया को तेज करने, समितियों में लंबित धान का शीघ्र परिवहन कराने तथा सूखत (धान में होने वाली कमी) से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई। कर्मचारियों ने बताया कि समय पर धान उठाव नहीं होने से समितियों में अतिरिक्त दबाव बन रहा है, जिससे कर्मचारियों को कार्य संचालन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ प्रतिनिधियों ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए समितियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण आवश्यक है। उन्होंने सूखत की गणना में व्यवहारिकता लाने तथा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की मांग भी की।
जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। वहीं उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने भी सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने और कर्मचारियों की जायज मांगों पर उचित कार्रवाई करने की बात कही।
इस दौरान जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के. एस. धुव, अतिरिक्त प्रबंधक एस. ए. रज़ा, पर्यवेक्षक मनोज सिंह एवं जिला सहकारी कर्मचारी संघ बस्तर के पदाधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




