महापौर की पहल, नए निगम कार्यालय व वर्कशॉप सहित उद्यान तथा शेड के निर्माण कार्य होंगे शुरू
जनसुविधाओं का होगा विस्तार, पं. सुन्दरलाल शर्मा वार्ड में विकास कार्यों के लिए स्थल चयन

➡️नागरिक सुविधाएं बढ़ाने, नए निगम कार्यालय, वर्कशॉप, उद्यान एवं दो शेड निर्माण की दिशा में महापौर का महत्वपूर्ण पहल
जगदलपुर =महापौर संजय पाण्डे द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आज महापौर के मार्गदर्शन में पं. सुन्दरलाल शर्मा वार्ड में नगर निगम के नए कार्यालय भवन, निगम के मोटर वाहनों के लिए आधुनिक वर्कशॉप, वार्ड में सार्वजनिक उद्यान तथा 25-25 लाख रुपये की लागत से दो शेड निर्माण के लिए स्थल चयन हेतु एमआईसी सदस्य योगेंद्र पांडे ,नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण कुमार वर्मा के साथ विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी प्रस्तावित निर्माण कार्यों के संबंध में तकनीकी एवं राजस्व संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित नए नगर निगम कार्यालय भवन के लिए ऐसे स्थान का चयन करने पर जोर दिया, जिससे भविष्य में नागरिकों को सभी निगम सेवाएं एक ही परिसर में सुगमता से उपलब्ध हो सकें। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया कार्यालय भवन बनने से नागरिकों को बेहतर वातावरण में कार्यों का निष्पादन मिलेगा, गति और दक्षता बढ़ेगी तथा जनसुविधाओं का विस्तार होगा।
नगर निगम के मोटर वाहनों के लिए प्रस्तावित वर्कशॉप निर्माण को भी शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। वर्तमान में कचरा संग्रहण एवं अन्य निगम वाहनों के रखरखाव में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के उद्देश्य से निगम का वर्कशॉप का निर्माण किया जाएगा। इससे वाहनों की समय पर मरम्मत एवं नियमित संधारण संभव होगा, वाहन लंबे समय तक सुचारु रूप से संचालित रहेंगे तथा स्वच्छता एवं अन्य नगर निगम सेवाओं में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आएगा।
इसके साथ ही वार्ड में विकसित किए जाने वाले सार्वजनिक उद्यान एवं दो नए शेड नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे। उद्यान के विकसित होने से स्थानीय लोगों, बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को स्वच्छ, हरित और मनोरम वातावरण मिलेगा, वहीं दोनों शेड सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोगी साबित होंगे। इन निर्माण कार्यों से वार्ड की सुंदरता में वृद्धि होने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
महापौर ने कहा कि निगम द्वारा अधिक से अधिक सुविधाओं का लाभ शहर वासियों को मिलता रहे यही हमारा एकमात्र उद्देश्य है। नए कार्यालय भवन से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी, आधुनिक वर्कशॉप से निगम के वाहनों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित होगा, उद्यान से पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिकों को स्वस्थ वातावरण मिलेगा तथा नए शेड सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे। नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है।”
निरीक्षण के दौरान, स्थानीय निवासी रामनरेश पांडे, मनीष मूलचंदानी, डी.के. पाराशर ,गौतम आचार्य,सोनू पांडे, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर प्रवीण पोयम, पटवारी सुरेश भदौरिया, राजस्व विभाग का अमला तथा उपस्थित रहे।



