जगदलपुर

मुख्य न्यायाधीश छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट न्यायमूर्ति  रमेश सिन्हा ने जिला एवं सत्र न्यायालय जगदलपुर का किया निरीक्षण

जगदलपुर= 18 जुलाई  छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति  रमेश सिन्हा ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायालय जगदलपुर का निरीक्षण कर न्यायालय परिसर में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने न्यायिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने सिविल न्यायालय के कक्ष, न्यायालय परिसर में निर्माणाधीन कार्यों, किलकारी केंद्र, परिवार न्यायालय, डिजिटाइजेशन एवं स्कैनिंग कक्ष, प्रतिलिपि अनुभाग, फास्ट ट्रैक कोर्ट, ई-सेवा केंद्र, दिव्यांगजनों के लिए शिकायत कक्ष, विशेष न्यायालय कक्ष, पीड़ित विश्राम कक्ष तथा ग्रंथालय भवन सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया।

मुख्य न्यायाधीश ने जिला न्यायालय परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, अधोसंरचना विकास तथा न्यायिक सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही न्यायालय में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों को बेहतर और सुगम न्यायिक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश  गोविंद नारायण जांगड़े, न्यायालय के अन्य न्यायाधीश एवं न्यायिक अधिकारी, कलेक्टर  आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक  शलभ सिन्हा एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button