संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भाजपा 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में “समरसता संकल्प अभियान” चलाएगी
श्री गुरु रविदास महाराज किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं; उनका "बेगम-पूरा" का दर्शन ऐसे समाज की कल्पना है, जहाँ किसी प्रकार का दुख, पीड़ा या भेदभाव न हो - भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय

➡️श्री गुरु रविदास महाराज ने दुनिया को दिया समानता और समरसता का विचार – वेदप्रकाश पाण्डेय
➡️29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर देशभर के सभी मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” का भव्य आयोजन होगा – वेदप्रकाश पाण्डेय
➡️”कलश वंदन अभियान” के माध्यम से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश हर प्रदेश, जिला और मंडल, गाँव स्तर तक पहुँचेंगे
➡️5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक निकलेगी “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा”
➡️गुरु रविदास जी द्वारा दिखाया गया मार्ग ही ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प का मूल आधार है – वेदप्रकाश पाण्डेय
➡️सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन बनेगा समरसता संकल्प अभियान
जगदलपुर = भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650 वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” की घोषणा की है। भाजपा का यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जायेगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सदभाव और सामाजिक समरसता के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुँचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है। भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने आज मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रवार्ता को संबोधित करते हुये उपरोक्त जानकारी से अवगत कराया। इस अवसर पर श्री पाण्डेय ने सभी संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समाज के सभी वर्गों से समरसता संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक, भक्ति आंदोलन के महान संत, श्रेष्ठ समाज सुधारक और महान आध्यात्मिक चिंतक हैं, जिन्हें उनके समय के अनेक संतों तथा बाद की पीढ़ियों के संतों ने भी अत्यंत सम्मान दिया। उन्होंने समाज के करोड़ों वंचित एवं उपेक्षित लोगों को सम्मान, आत्मविश्वास और जीवन का उद्देश्य प्रदान किया तथा समाज में सुधार, समरसता और मेलमिलाप का मार्ग दिखाया। यही कारण है कि देशभर में करोड़ों लोग जाति और धर्म की सीमाओं से ऊपर उठकर उन्हें सम्मान और श्रद्धा के साथ स्मरण करते हैं। ऐसे समय में जब समाज जातिगत भेदभाव और सामाजिक विषमताओं, धर्मांतरण, मुगलिया अत्याचार से जूझ रहा था, उन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और आत्मसम्मान का संदेश देकर करोड़ों लोगों के जीवन में नई चेतना का संचार किया।
श्री पाण्डेय ने कहा कि गुरु रविदास महाराज द्वारा प्रस्तुत “बेगम-पूरा” का दर्शन आज भी एक ऐसे समाज की प्रेरणा देता है, जहाँ किसी प्रकार का दुख, पीड़ा, भेदभाव, अन्याय अथवा शोषण न हो और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। गुरु रविदास जी ने अपना पूरा जीवन जातिवाद को समाप्त करने और छुआछूत को मिटाने में समर्पित कर दिया। उन्होंने हमें सिखाया कि कोई भी व्यक्ति जन्म से छोटा या बड़ा नहीं होता, मनुष्य की वास्तविक पहचान उसके कर्मों और मानवता के प्रति उसके प्रेम से होती है। गुरुजी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना ही हमारे ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प का मूल आधार है।”
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई 2026 को श्री गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर होगा। इस दिन संध्या के समय देशभर के सभी मंदिरों में “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता दीप महोत्सव” के अंतर्गत 51000 स्थानों पर अधिक से अधिक संख्या में दीप प्रज्वलित किए जाएँगे। इसी क्रम में 11 हज़ार दीप संत रविदास घाट वाराणसी में प्रज्वलित किए जाएँगे । दीप महोत्सव से पूर्व भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा धार्मिक प्रवचनों का आयोजन होगा और प्रसाद वितरण अथवा भंडारे की समुचित व्यवस्था की जाएगी। दीप महोत्सव में सभी समाज के वर्गों के लोगों तथा पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
श्री पाण्डेय ने कहा कि 29 जुलाई से 10 सितंबर 2026 तक “श्री गुरु रविदास महाराज कलश वंदन अभियान” चलाया जाएगा। 29 जुलाई को वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सभी प्रदेशों की टोलियों को पवित्र मिट्टी से भरा सुसज्जित 131 पवित्र कलश प्रदान किये जाएँगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ जी उत्तर प्रदेश उपस्थित रहेंगे। प्रदेश टोलियाँ मार्ग में स्वागत कार्यक्रमों के साथ इन कलशों को अपनी-अपनी राजधानी तक ले जाएँगी। जन्मस्थली की पावन मिट्टी को 21,000 कलशों में स्थापित कर देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुँचाया जाएगा। वहाँ किसी श्री गुरु रविदास महाराज मंदिर अथवा उपयुक्त मंदिर में उनकी स्थापना की जायेगी। पूरे अभियान के दौरान पवित्र कलश एवं पवित्र मिट्टी की पवित्रता, गरिमा और सम्मान का हर स्तर पर विशेष ध्यान रखा जायेगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि 29 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक “संत संपर्क अभियान” के अंतर्गत पूरे देश में पार्टी के पदाधिकारी श्री गुरु रविदास परंपरा से जुड़े पूज्य साधु-संतों तथा समाज के अन्य पूजनीय संतों से पूर्ण सम्मान और परंपरागत मर्यादा के साथ भेंट कर उनका अभिनंदन करेंगे। पूर्व सूचना देकर ही संतों के स्थान पर पहुँचा जाएगा तथा संबंधित परंपरा के श्रद्धालुओं के साथ मिलकर सम्मानपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। विभिन्न धार्मिक परंपराओं के संतों को साथ जोड़कर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।
श्री पाण्डेय ने कहा कि अभियान का एक अत्यंत महत्वपूर्ण चरण “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” होगा, जो 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। संत शिरोमणि श्री गरु रविदास महाराज की प्रतिमा से सुसज्जित रथ के साथ यह यात्रा डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से प्रारंभ होकर जन्मस्थली सीर गौवर्धनपुर (वाराणसी) तक पहुँचेगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली सहित विभिन्न प्रदेशों से होकर गुजरेगी तथा जिन प्रदेशों से मुख्य यात्रा का मार्ग निर्धारित होगा, वहाँ से उपयात्राएँ निकालकर मुख्य यात्रा में सम्मिलित की जाएँगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियाँ, भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लाखों श्रद्धालुओं को सामाजिक समरसता के इस राष्ट्रीय अभियान से जोड़ा जाएगा। 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक “श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान” चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत देशभर के सभी छात्रावासों में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के सुसज्जित चित्र के समक्ष “समरसता संवाद” कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। इन कार्यक्रमों में श्री गुरु रविदास महाराज के जीवन, उनके संदेश, समाज में निरंतर सुधार की आवश्यकता, सामाजिक समरसता तथा विकसित भारत के संकल्प पर संक्षिप्त उदबोधन दिया जाएगा और प्रतिभागियों के साथ संवाद भी आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को संत गुरु रविदास महाराज के जीवन-दर्शन, सामाजिक न्याय और समानता की उनकी प्रेरणा से परिचित कराया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने सभी संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित यह राष्ट्रव्यापी अभियान समाज मं, समरसता, सद्भाव, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा संत गुरु रविदास महाराज के अमर संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा।
पत्रवार्ता के दौरान जिपं अध्यक्ष वेदवती कश्यप, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामाश्रय सिंह, योगेन्द्र पाण्डेय, नरसिंह राव, सफीरा साहू,परीस बेसरा, आलोक अवस्थी, कृष्ण कुमार शुक्ला, राजपाल कसेर, प्रकाश झा मौजूद रहे।



