जगदलपुरबस्तर संभाग

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जगदलपुर में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ पर केंद्रीय संचार ब्यूरो, जगदलपुर द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रैली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया गया राष्ट्रप्रेम, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्त जीवन का संदेश

जगदलपुर =भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा आज पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जगदलपुर में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नवोदय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत से हुआ। पूरे आयोजन के दौरान उपस्थित अतिथियों और वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा राष्ट्रप्रेम व राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।

नशे के गंभीर परिणामों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. बी. प्रकाश मूर्ति ने इसके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्मरण कराया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विनाश की जड़ है, इसलिए इससे सदैव दूर रहना चाहिए। यातायात प्रभारी डीएसपी श्री जयराम चेरमाको ने नशे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और युवाओं को जिम्मेदारी से गाड़ी चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया। इसके पश्चात, केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी श्री बी. एस. ध्रुव ने कार्यक्रम में दी गई जानकारियों पर आधारित एक प्रश्न मंच (क्विज) प्रतियोगिता का संचालन किया और सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

राष्ट्रीय प्रतीकों और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर बल देते हुए दूरदर्शन केंद्र के प्रमुख श्री रघुवीर ने “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” अभियान के उद्देश्य को रेखांकित किया और विद्यार्थियों से तिरंगे का सम्मान बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में बस्तर हायर सेकेंडरी स्कूल की व्याख्याता श्रीमती जयश्री शेन्डे ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविता पाठ कर विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता का संचार किया। वहीं, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती इति मेरावी ने दोनों राष्ट्रीय अभियानों के मुख्य उद्देश्यों को साझा करते हुए विद्यार्थियों से इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

इस विशेष अवसर पर कांकेर के ‘माटी के श्रृंगार’ दल के 10 लोक कलाकारों ने गीत, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशा मुक्ति और देशभक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का समापन एक विशाल जागरूकता रैली के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा लेकर क्षेत्रवासियों को राष्ट्रप्रेम और नशा मुक्त जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। इस सफल आयोजन का समन्वय श्री शशांक शेन्डे द्वारा किया गया, जिसमें खेल शिक्षक श्री कोटेश्वर नायडू, विद्यालय के समस्त शिक्षकवृंद एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button