जगदलपुर

विवेकानंद स्कूल में एआई और रोबोटिक्स प्रशिक्षण, कलेक्टर ने विद्यार्थियों से किया संवाद

बस्तर के युवाओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जगदलपुर =25 अप्रैल  बस्तर के युवाओं को आधुनिक तकनीकों और डिजिटल युग की नई संभावनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से संजय मार्केट के समीप स्थित विवेकानंद स्कूल (सेजस) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और उभरती तकनीकों पर आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें तकनीकी नवाचार और रचनात्मक सोच के लिए प्रेरित किया।

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को 21वीं सदी के आवश्यक कौशल जैसे समस्या समाधान, रचनात्मकता और तकनीकी समझ से सशक्त बनाना रहा। इस बैच में 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया और शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का संचालन द पाई जैम फाउंडेशन द्वारा किया गया, जबकि इसके प्रभावी क्रियान्वयन एवं निगरानी में पीपीआईए फेलो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को डिजाइन थिंकिंग के माध्यम से वास्तविक जीवन की समस्याओं की पहचान कर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने की जानकारी दी गई। साथ ही छात्रों ने एआई की मूल अवधारणाएं, कंप्यूटर विजन, डेटा प्रेडिक्शन और तकनीक के नैतिक उपयोग जैसे विषयों को भी विस्तार से समझा।

कार्यशाला का व्यावहारिक पक्ष विद्यार्थियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। छात्र-छात्राओं ने आर्डुइनो और बेसिक इलेक्ट्रॉनिक्स की सहायता से छोटे-छोटे प्रोजेक्ट तैयार किए तथा तकनीक के उपयोग से दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान का अनुभव प्राप्त किया। बस्तर में आयोजित यह अभिनव पहल विद्यार्थियों को डिजिटल युग की चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप तैयार करने के साथ-साथ उन्हें नवाचार और तकनीकी नेतृत्व की दिशा में प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button