छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कदंतेवाड़ाराज्यरायपुर

श्यामगिरी में शहीद पूर्व विधायक स्व. भीमा मंडावी को वन मंत्री केदार कश्यप ने दी श्रद्धांजलि

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के साथ शहादत स्थल पहुंचे वन मंत्री, शहीद परिवारों से की आत्मीय मुलाकात

केदार कश्यप बोले— शहीदों के बलिदान से बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का नया अध्याय

‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ के तहत किया पौधरोपण, शहादत स्थल की पवित्र मिट्टी भी की संग्रहित

रायपुर = बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री  केदार कश्यप ने उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के साथ दंतेवाड़ा जिले के श्यामगिरी पहुंचकर वर्ष 2019 में नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन विधायक स्व. श्री भीमा मंडावी सहित वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने शहादत स्थल पर मौन रखकर वीरों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों, घटना के चश्मदीदों तथा स्व. भीमा मंडावी के सहयोगियों ने उस समय की घटना और परिस्थितियों को साझा किया। वन मंत्री श्री कश्यप ने शहीदों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। स्व. भीमा मंडावी की धर्मपत्नी श्रीमती ओजस्वी मंडावी से मुलाकात के दौरान वातावरण भावुक हो गया।

वन मंत्री  केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर की माटी वीरों के त्याग और बलिदान की साक्षी रही है। जिन वीरों ने शांति और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उनकी स्मृतियां सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेंगी। आज बस्तर भय और हिंसा के दौर को पीछे छोड़कर शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आज बस्तर में पूरे गौरव और सम्मान के साथ तिरंगा लहरा रहा है। यह परिवर्तन हमारे वीर जवानों, जनप्रतिनिधियों और बस्तर की जनता के लंबे संघर्ष एवं बलिदान का परिणाम है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम उन सभी शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं, जिन्होंने राष्ट्र और बस्तर के बेहतर भविष्य के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल हिंसा ने बस्तर के असंख्य परिवारों को पीड़ा दी है। किसी ने अपना मित्र खोया, किसी ने भाई, पिता और अपने स्वजन को खोया। उन्होंने कहा कि आज बस्तर की जनता जीत गई है और नक्सलवाद हार गया है। अब बस्तर के प्रत्येक कोने में बिना किसी भय के तिरंगा लहरा रहा है और संविधान का शासन मजबूत हो रहा है।

➡️शहीदों की स्मृति में किया पौधरोपण

वन मंत्री  केदार कश्यप एवं उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं के 13 शहीदों की स्मृति में ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर शहादत स्थल की पवित्र मिट्टी भी संग्रहित की गई। श्री कश्यप ने कहा कि शहीदों की स्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को उनके साहस और राष्ट्रप्रेम की याद दिलाता रहेगा।

ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने नकुलनार-बचेली मार्ग का नामकरण शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की अनुशंसा करने की बात कही तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया।

➡️बिहान समूह की महिलाओं और बस्तर पंडुम विजेताओं से संवाद

इस दौरान मंत्रीद्वय ने बिहान समूह की महिलाओं से संवाद किया और उन्हें लघु वनोपज प्रसंस्करण से जुड़कर आजीविका के नए अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेता अरनपुर के मांदरी दल के सदस्यों से भी आत्मीय मुलाकात कर उनके अनुभव जाने।

इस अवसर पर सांसद  महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष  नंदलाल मुडामी, आईजी बस्तर  बद्री नारायण मीणा, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button