Breaking Newsजगदलपुरबस्तर संभाग

इन्द्रावती पुल से गोरिया बाहर तक बनेगा ‘ग्रीन गेटवे’, – संजय पाण्डेय 

2600 पौधों से बदलेगी जगदलपुर की पहली तस्वीर

➡️महापौर संजय पांडे ने NH का किया निरीक्षण, गंदगी-झाड़ियां हटवाईं; जलभराव के स्थायी समाधान के दिए निर्देश

जगदलपुर = शहर के प्रवेश द्वार आमागुड़ा से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र को आकर्षक, स्वच्छ और हरित स्वरूप देने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को महापौर संजय पांडे ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अभियंता श्रीमती प्रज्ञा, वन विभाग के उमाकांत,यातायात प्रभारी जय राम चेरमोको एवं अधिकारियों के साथ NH का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर पाथवे पर पसरी गंदगी और उगे जंगली पेड़-पौधों को नगर निगम तथा नेशनल हाईवे विभाग की जेसीबी की सहायता से हटवाया गया।

निरीक्षण के दौरान सड़क और पाथवे पर जगह-जगह जमा पानी की समस्या भी सामने आई। महापौर ने पानी निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने के साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

➡️10 सितंबर को 2600 पौधों का होगा रोपण

आमागुड़ा क्षेत्र को जगदलपुर के आकर्षक प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने की योजना के तहत आगामी 10 सितंबर को करीब 2600 पौधों का रोपण किया जाएगा। इसमें कनेर, बोगनविला और टैकोमा के पौधे शामिल हैं। प्रस्तावित पौधारोपण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं वन मंत्री केदार कश्यप की उपस्थिति प्रस्तावित है।

नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और वन विभाग के संयुक्त सहयोग से होने वाला यह पौधारोपण अभियान केवल हरियाली बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क किनारे के पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

➡️महापौर संजय पांडे का सपना हरित जगदलपुर का

“महापौर संजय पांडे ने कहा आमागुड़ा जगदलपुर का प्रवेश द्वार है। बाहर से आने वाला व्यक्ति सबसे पहले इसी क्षेत्र से होकर शहर में प्रवेश करता है, इसलिए हमारी कोशिश है कि यहां पहुंचते ही उसे जगदलपुर की स्वच्छता, हरियाली और सुंदरता का एहसास हो। यह क्षेत्र केवल सड़क नहीं, बल्कि शहर की पहली पहचान है।

10 सितंबर को लगभग 2600 कनेर, बोगनविला और टैकोमा के पौधे लगाए जाएंगे। हमारा उद्देश्य पौधे लगाकर भूल जाना नहीं, बल्कि इन्हें विकसित कर सड़क के दोनों ओर एक सुंदर और व्यवस्थित हरित कॉरिडोर तैयार करना है। इससे आने वाले समय में आमागुड़ा से गोरिया बहार तक का पूरा मार्ग जगदलपुर की खूबसूरती को एक नई पहचान देगा।

शहर का विकास केवल बड़ी इमारतों और सड़कों से नहीं होता। स्वच्छ सड़कें, बेहतर पाथवे, जल निकासी, हरियाली और सुंदर प्रवेश द्वार भी शहर के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसी सोच के साथ नगर निगम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और वन विभाग के सहयोग से इस क्षेत्र को विकसित करने का प्रयास कर रहा है।

आज निरीक्षण के दौरान जहां-जहां गंदगी और झाड़ियां थीं, उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई की गई है। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान भी जरूरी है, इसलिए अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं जिससे बारिश के दौरान सड़क और पाथवे पर पानी जमा न हो। हमारा लक्ष्य है कि आमागुड़ा से गोरिया बहार का यह मार्ग आने वाले समय में जगदलपुर के सबसे सुंदर और व्यवस्थित प्रवेश मार्गों में शामिल हो।”

निरीक्षण के दौरान खेम सिंह देवांगन, निर्मल पाणिग्राही, लक्ष्मण झा, संग्राम सिंह राणा, विधु शेखर झा, वन विभाग के उमाकांत, एनएच के अधिकारी श्रीमती प्रज्ञानंद, यातायात प्रभारी जय राम चेरमोको सहित विभागीय कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button