प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान “सेवा संकल्प अभियान” – उपमुख्यमंत्री अरूण साव
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से आरंभ होगा "सेवा संकल्प अभियान", निरंतर एक माह 17 अक्टूबर तक समूचे देश में चलाया जायेगा

➡️राष्ट्रीय स्तर पर से बूथ स्तर तक होंगे विविध कार्यक्रम, भाजपा कार्यकर्ता और आमजन भी “सेवा संकल्प अभियान” में निभायेंगे सहभागिता
जगदलपुर =बस्तर प्रवास पर आये प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने आज शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रवार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र सेवा के सफलतम 25 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा समूचे देश में चलाये जाने वाले विशेष “सेवा संकल्प अभियान” के बारे में विस्तार से बताया। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण जीवन राजनीतिक जीवन राष्ट्र एवं जन सेवा को समर्पित रहा है। श्री मोदी ने राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य किया है। श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की वैश्विक छवि को एक मान बिन्दु के रूप में स्थापित किया है। आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व की सराहना कर रही है। दुनिया की निगाहें आज भारत पर टिकीं हैं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक देश भर में “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जायेगा। जिसके तहत विभिन्न सेवा गतिविधियों, लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा युवाओं को सेवा और नवाचार से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। “सेवा संकल्प अभियान” के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी के सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इसके अन्तर्गत आशीर्वाद का दिया, सपनों का भारत,नमो सेवा गाथा, सेवा स्मरण,आंगन का उत्सव,कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी जल जन और सेवा संकल्प यात्रा आदि कार्यक्रम होंगे। इसी तरह सेवा मेरा योगदान के तहत 25 सेवा गतिविधियां, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज, जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक वर्ष 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर देशभर में सेवा पखवाड़ा का आयोजन करती है। इस वर्ष एक विशेष संयोग है कि 7 अक्टूबर 2001 को श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और आगामी 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इसलिये इस बार भारतीय जनता पार्टी ने जनसेवा और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पूरे देश में एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलाने का निर्णय लिया है।देश भर में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन की इस अभियान में सहभागिता होगी और सभी मिलकर सबका साथ,सबका विश्वास,सबका विकास और सबका प्रयास के संदेश को साकार रूप देने सार्थक प्रयास करेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आरंभ हो रहे सेवा संकल्प अभियान में आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम में जनसेवा संकल्प के साथ जगदलपुर जिला मुख्यालय में सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किये जायेंगे। जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जायेगी।
पत्रवार्ता के दौरान प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, महापौर संजय पाण्डेय, योगेन्द्र पाण्डेय, महामंत्री परीस राम बेसरा, जिला उपाध्यक्ष आर्येंद्र सिंह आर्य, नरसिंह राव, सफीरा साहू, ललिता बघेल, निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, पश्चिमी नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश झा, जिला मीडिया प्रभारी आलोक अवस्थी मौजूद रहे।




