बस्तर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आगाज,7 लाख दीयों की रोशनी से जगमग हुआ जिला
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ

⭕सेवा संकल्प अभियान
जगदलपुर =17 सितम्बर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में ऐतिहासिक 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बस्तर जिले में महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर पर समूचे जिले में सात लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिसमें ऐतिहासिक मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सवा लाख और पूरे शहर में ढाई लाख से अधिक दीयों की रोशनी बिखरी। इसके साथ ही जिले के ग्रामीण इलाकों में साढ़े चार लाख दीप प्रज्वलित किए गए। दीप प्रज्ज्वलन के साथ अभियान की शुरुआत करते हुए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की जनता ने यह दीप जलाकर नक्सलमुक्त बस्तर की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता और आशीर्वाद प्रकट किया है।
जनसमूह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि सुरक्षा बलों के अदम्य शौर्य और जनसहयोग की बदौलत नक्सलवाद का कैडर अब पूरी तरह समाप्त हो चुका है। अपने बस्तर भ्रमण का संस्मरण साझा करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले पचास वर्षों से जिस बारूद की गंध में बस्तर जकड़ा हुआ था, वहां अब महुआ की महक और पारंपरिक मेलों-मड़इयों की रौनक लौट आई है, तथा ग्रामीण बेखौफ होकर अपने आराध्य देवी-देवताओं का पूजा अर्चना कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एनआईए जांच और सरकार की ठोस नीतियों के चलते 9 नक्सलियों को न्यूट्रलाइज किया गया, 14 का पुनर्वास हुआ और न्यायिक इतिहास में 10 दोषियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई। थानों और गांवों में पुराने मामलों की विस्तृत जानकारी भी संकलित की जा रही है ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।
उप मुख्यमंत्री ने देश में वर्ष 2014 के बाद आए नीतिगत बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश ‘पॉलिटिक्स विद परफॉर्मेंस’ के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आए क्रांतिकारी बदलावों के तहत देश में एमबीबीएस की सीटें 51 हजार से बढ़कर एक लाख 29 हजार से अधिक हो चुकी हैं, दंतेवाड़ा में नया मेडिकल कॉलेज खुला है और एम्स की संख्या 7 से बढ़कर 22 तक पहुंच गई है। इसके साथ ही धारा 370 की समाप्ति, सर्जिकल व एयर स्ट्राइक के जरिए राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में महापौर संजय पाण्डे और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप ने भी बस्तर में शांति, विकास और रोजगार के नए अवसरों पर विचार रखे। इस दौरान छत्तीसगढ़ युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि और कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



