नारायणपुरबस्तर संभाग

आशीर्वाद के 1.28 लाख दीपों से जगमगाया नारायणपुर, जनभागीदारी ने रचा उत्सव का अद्भुत दृश्य

वन मंत्री केदार कश्यप ने गोठियारी तालाब में किया दीप प्रज्ज्वलन, जिलेभर में जले 1 लाख 28 हजार 633 दीप

⭕प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प से नक्सलवाद के खिलाफ मिली निर्णायक सफलता, अब अबूझमाड़ के विकास को मिलेगी नई गति : केदार कश्यप

नारायणपुर = सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नारायणपुर जिले में आयोजित “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में जनभागीदारी का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जिलेभर में 1 लाख 28 हजार 633 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से नारायणपुर जगमगा उठा और सेवा, सद्भावना तथा सामाजिक एकजुटता का संदेश पूरे जिले में प्रसारित हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन नारायणपुर के एडका चौक स्थित गोठियारी तालाब में किया गया, जहां प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम में सहभागिता की। अकेले मुख्य आयोजन स्थल पर 51 हजार दीपों की रोशनी से गोठियारी तालाब का परिसर जगमगा उठा।

⭕नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजाले की ओर बढ़ रहा बस्तर : केदार कश्यप

इस अवसर पर मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प के कारण नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कभी नक्सल हिंसा और भय से प्रभावित रहे क्षेत्रों में आज विकास और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है।

उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ सहित पूरे बस्तर में शांति स्थापित होने के साथ विकास की गति और तेज होगी। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा और जनकल्याण की भावना सर्वोपरि रही है। “जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा” की भावना के साथ प्रज्ज्वलित किए गए ये दीप केवल रोशनी नहीं, बल्कि जनविश्वास, सेवा और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के महत्वपूर्ण अवसरों और पर्वों पर सीमाओं पर तैनात जवानों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाते रहे हैं। उनका राष्ट्रसेवा का संकल्प देशवासियों को भी सेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।

⭕घर-घर से सुरक्षा कैंप तक जले आशीर्वाद के दीप

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि नारायणपुर में घरों, मंदिरों, चौक-चौराहों, विद्यालयों, छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय कार्यालयों, सुरक्षा कैंपों और पुनर्वास केंद्रों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित होना व्यापक जनसहभागिता को दर्शाता है।

कार्यक्रम के तहत गोठियारी तालाब में 51 हजार, नगरपालिका क्षेत्र में 15 हजार, जनपद पंचायत नारायणपुर क्षेत्र में 38 हजार और जनपद पंचायत ओरछा क्षेत्र में 18 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इसके साथ ही विभिन्न संस्थाओं, विद्यालयों, आश्रम-छात्रावासों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी बड़ी संख्या में दीप जलाए गए।

इस प्रकार पूरे नारायणपुर जिले में कुल 1 लाख 28 हजार 633 दीपों ने सेवा और आशीर्वाद की रोशनी बिखेरी। बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, बच्चों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता ने आयोजन को जनउत्सव का स्वरूप दिया।

मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा, सद्भावना और जनभागीदारी की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से नारायणपुर ने विकसित भारत-2047 के संकल्प में अपनी सहभागिता का संदेश दिया है

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button