किशोर कुमार हिरवानी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जगदलपुर के पद का कार्यभार ग्रहण किया

जगदलपुर = अप्रैल 2026 विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) किशोर कुमार हिरवानी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, जगदलपुर के पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वे छत्तीसगढ़ राज्य में इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले शॉर्ट सर्विस कमीशंड अधिकारी हैं और साथ ही राज्य के सबसे युवा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी भी हैं।
विंग कमांडर हिरवानी छत्तीसगढ़ अंचल की माटी से जुड़े हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा शासकीय विद्यालय, धमधा जिला दुर्ग से प्राप्त की और इसके बाद एसएससीईटी, भिलाई से बी.टेक की उपाधि हासिल की।
भारतीय वायुसेना में 14 वर्षों की गौरवशाली सेवा के दौरान उन्होंने सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली और कॉम्बैट ड्रोन जैसे सामरिक एवं तकनीकी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। उनके अनुभव से वायुसेना की परिचालन क्षमता को सुदृढ़ करने में मदद मिली।
सेवानिवृत्ति के उपरांत अब वे पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के कल्याण हेतु कार्य करेंगे। जिला प्रशासन और राज्य सैनिक बोर्ड को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में जिले के सैनिक परिवारों को योजनाओं का त्वरित लाभ मिलेगा।
विंग कमांडर हिरवानी ने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता रहेगी।




