नारीशक्ति का अधिकार छीनना पाप, दण्ड भोगने को तैयार रहे कांग्रेस – आलोक अवस्थी
महिलाओं के अधिकार में डाका डालने के बाद कांग्रेस ने खोखली जीत का जश्न भी मनाया

•• इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा की छत्रछाया में पलने-बढ़ने वाली कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर
जगदलपुर =कांग्रेस पार्टी पूरी तरह महिला विरोधी है और महिलाओं को भारतीय लोकतंत्र में राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने वाले 33 फीसदी आरक्षण का खुला विरोध कर रही है,यह बात स्वयं कांग्रेस पार्टी द्वारा विपक्षी दलों के साथ मिलकर नारीशक्ति वंदन अधिनियम को संसद में रोककर समूचे देश के समक्ष साबित भी कर दी है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी व पार्षद आलोक अवस्थी ने कांग्रेस को घेरते हुये कहा कि नारीशक्ति के सम्मान व अधिकार को छिनने का पाप करने के बाद कांग्रेस बेशर्मी से झूठ भी बोल रही है, यह भी एक तरह से देश की आधी आबादी मातृशक्तियों का अपमान है।
आलोक अवस्थी ने कहा कि झूठ की राजनीति करना,भ्रम फैलाना कांग्रेस पार्टी के डीएनए में शामिल है। देश की संसद में नारीशक्ति वंदन अधिनियम को परिसीमन का बहाना गढ़कर रोकने का कृत्य कांग्रेस की अगुवाई में हुआ, समूचे राष्ट्र ने यह भी देखा कि महिलाओं के आरक्षण का विरोध करते हुए संसद में कांग्रेस व उनके दलों के सांसदों ने नये नये कुतर्क गढ़े और देश की नारीशक्ति का अधिकार छिनने के बाद अपनी खोखली जीत का जश्न भी मनाया। कांग्रेस को उसके इस दुस्साहस का दण्ड भोगना पड़ेगा और इस दण्ड का निर्धारण देश की आधी आबादी मातृशक्तियां ही करेंगी।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्री अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस नेत्री इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा की छत्रछाया में फलने फूलने वाली कांग्रेस पार्टी का दोहरा चरित्र उजागर हो गया है। कांग्रेस की झूठी राजनीति पर आश्चर्य होता है कि महिलाओं के आरक्षण के अधिकार में डाका डालने के बाद पूरी ढिठाई से अपने कृत्य को सही ठहराने का बेशर्म कोशिशें कांग्रेस व उनके नेता कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी देश की महिलाओं को उनका सम्मान व अधिकार दिलाने के लिये सदैव संकल्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारीशक्ति वंदन अधिनियम अवश्य सिद्ध रूप पायेगा।




