जगदलपुर

1 मई से अवैध नल कनेक्शन पर 14,200 जुर्माना 30 अप्रैल तक 5,000 में कराएं नियमितीकरण

जगदलपुर:- नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहर में अवैध नल कनेक्शनों के विरुद्ध पहली बार सख्ती के साथ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 17 फरवरी से नगर निगम के पीएचई अमले द्वारा संचालित इस विशेष जांच अभियान के अंतर्गत अब तक शहर के विभिन्न वार्डों में 286 अवैध नल कनेक्शन चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 204 उपभोक्ताओं ने निर्धारित शुल्क जमा कर अपने कनेक्शन वैध करा लिए हैं, जबकि 82 अवैध कनेक्शन काटे जा चुके हैं।

नगर निगम जल कार्य विभाग सभापति सुरेश गुप्ता ने बताया कि 18 मार्च 2026 की सामान्य सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि 1 मई 2026 से अवैध नल कनेक्शन पाए जाने पर उसे वैध कराने हेतु 14,200 की राशि देय होगी। जबकि 30 अप्रैल तक मात्र 5,000 जमा कर अवैध कनेक्शन को वैध कराया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 24,000 वैध नल कनेक्शनधारी नियमित रूप से जलकर शुल्क जमा कर रहे हैं। ईमानदार उपभोक्ताओं के हितों और सम्मान को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है ताकि जल वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।

सुरेश गुप्ता ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अब तक अवैध नल कनेक्शन ले रखे हैं, वे 30 अप्रैल तक आगे आकर अपने कनेक्शन नियमित करा लें और भारी जुर्माने से बचें।

30 अप्रैल के बाद अवैध कनेक्शन पाए जाने पर निगम द्वारा 14,200 की राशि वसूली जाएगी। नागरिक अपने क्षेत्र के पार्षद से संपर्क कर अथवा सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपने कनेक्शन को वैध करा सकते हैं।

नगर निगम द्वारा अवैध नल कनेक्शनों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा बकाया जलकर वसूली की कार्यवाही भी नियमित रूप से संचालित होती रहेगी। नगर निगम ने अपील किया है कि समय रहते कनेक्शन वैध कराएं और जुर्माने से बचें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button