आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: झारतरई बाजार में विदेशी शराब खपाने की तैयारी कर रहे 3 तस्कर गिरफ्तार; ₹2.90 लाख की 387 बल्क लीटर शराब और 2 बाइक जब्त

जगदलपुर @जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने ग्राम झारतरई के बाजार स्थल पर घेराबंदी कर अवैध शराब की बिक्री की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है
आरोपियों के पास से करीब 2 लाख 90 हजार 250 रुपये कीमत की 387 बल्क लीटर अवैध विदेशी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं
मिली जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त के निर्देश और कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि झारतरई बाजार क्षेत्र में कुछ लोग भारी मात्रा में शराब खपाने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आबकारी उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और स्टाफ की संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। वहां दो मोटरसाइकिलों के साथ तीन संदिग्ध युवक मिले, जो ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
40 कार्टन में भरे थे 2000 पाव, बस्तर के ही रहने वाले हैं तीनों आरोपी
आबकारी विभाग ने मौके से कुल 40 कार्टन गोवा व्हिस्की जब्त की है। इन कार्टनों में 50-50 नग के हिसाब से कुल 2000 पाव विदेशी शराब भरी हुई थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है:
भकचंद नाग (40 वर्ष) – निवासी महोता, बस्तर
यादव राम मांझी (35 वर्ष) – निवासी उसरी, बस्तर
लेखन मोर्य (37 वर्ष) – निवासी खालोपारा, बस्तर
इन धाराओं के तहत केस दर्ज: आबकारी विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 और 59(क) के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है
➡️सम्पूर्ण कार्यवाही में प्रधान आरक्षक शिव प्रसाद सिन्हा, ललित ठाकुर, शैलेष पांडे, श्याम सुंदर केसरी, पृथ्वीराज श्रीवास्तव, आबकारी आरक्षक कविश यादव एवं वाहन चालक हेमराज बघेल का सराहनीय योगदान रहा




