Breaking Newsजगदलपुर

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया नीट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा, परीक्षार्थियों की सुविधा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

नीट परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने किया मॉक ड्रिल

जगदलपुर = 20 जून  राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर शनिवार को कलेक्टर  आकाश छिकारा एवं पुलिस अधीक्षक  शलभ सिन्हा ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का दौरा कर वहाँ परीक्षा कक्षों, बैठक व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा के कड़े इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया।

उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा रविवार 21 जून को आयोजित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहद गंभीर और सतर्क रहने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा के सफल संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन कराया जाए और यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षा देने आने वाले किसी भी परीक्षार्थी को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बैठक व्यवस्था, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

पुलिस अधीक्षक श्री सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बलों को सतर्क रहने कहा। कलेक्टर ने परीक्षा सेंटर के अधिकारियों को कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि परीक्षार्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें। साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों से भी अपील कि वे निश्चिंत होकर परीक्षा दें, शासन प्रशासन ने परीक्षा को सफल बनाने के सभी प्रकार की आवश्यक तैयारियाँ पूरी की हैं ।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा शनिवार दोपहर को परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया और तैयारियों की समीक्षा की गई।मॉक ड्रिल के दौरान पेपर को चेस्ट रूम से परीक्षा केंद्र ले जाने, परीक्षा केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए सुविधाएं, बैठने की व्यवस्था, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं को परखा गया। संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मॉक ड्रिल का उद्देश्य परीक्षा दिवस पर संभावित समस्याओं की पहचान कर उनका समय रहते समाधान करना है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं परीक्षा केंद्रों के प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button