जगदलपुर

भूपेश का बयान कांग्रेस के अराजकतावादी और दोहरे चरित्र का प्रत्यक्ष प्रमाण – भाजपा

सड़क से संसद तक अराजकता फैलाना ही कांग्रेस की नीति बन चुकी है - यशवंत जैन

➡️’प्रधानमंत्री आवास के बाहर नाटकबाजी करना देश में संवैधानिक संस्थाओं को नीचा दिखाने और अराजकता फैलाने की सुनियोजित साजिश है’

जगदलपुर =भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा भाजपा और केंद्र सरकार पर लगाए गए अनर्गल आरोपों का कड़ा प्रतिवाद करते हुए इसे कांग्रेस का ‘अराजकतावादी और अवसरवादी राजनीतिक नाटक’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि बघेल जिस लोकतंत्र और संविधान की दुहाई दे रहे हैं, असल में कांग्रेस खुद उस लोकतंत्र की सबसे बड़ी हत्यारी रही है। सदन से लेकर सड़क तक हंगामा खड़ा करना और देश के युवाओं को गुमराह कर अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेंकना कांग्रेस का पुराना चरित्र रहा है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री जैन ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका वाड्रा द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के समक्ष धरना देना कोई लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि देश में संवैधानिक संस्थाओं को नीचा दिखाने और अराजकता फैलाने की सुनियोजित साजिश है। बघेल द्वारा केंद्र सरकार को ‘अलोकतांत्रिक’ बताने वाले बयान का करारा जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में युवाओं और छात्रों के साथ क्या हुआ, यह पूरा देश और छत्तीसगढ़ जानता है। जब कांग्रेस सत्ता में रहती है, तब युवाओं की आवाज दबाती है और जब विपक्ष में आती है, तो झूठी हमदर्दी का नकाब पहनकर राजनीति करती है।

छात्रों के आंदोलन और आत्महत्या के आँकड़ों पर राजनीति करने के बघेल के आरोपों को खारिज करते हुए श्री जैन ने कहा कि संवेदनशील मुद्दों पर लाशों की राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी फितरत है। केंद्र की भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य, शिक्षा और रोजगार की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नियम-कानून के तहत हर मुद्दे का समाधान निकाल रही है। देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस के इस ‘नौटंकी चक्रव्यूह’ को भली-भाँति समझ चुकी है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से लेकर बघेल तक को नसीहत दी कि वे देश में संवैधानिक व्यवस्थाओं को चुनौती देना और अराजकता का माहौल बनाना बंद करें, क्योंकि जनता अब उनके इस अराजक राजनीतिक चेहरे को पूरी तरह खारिज कर चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button