छत्तीसगढ़रायपुर

समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद्, बिलासपुर द्वारा रुद्राभिषेक पूजन संपन्न, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि के लिए हुई मंगलकामना

बिलासपुर -: समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद्, बिलासपुर के तत्वावधान में रविवार को सरकंंडा स्थित पाम इनक्लेव में श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप रुद्राभिषेक पूजन का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। आयोजन में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधानपूर्वक रुद्राभिषेक कर विश्व शांति, राष्ट्र की उन्नति, समाज की एकता, परिवारों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की मंगलकामना की गई। पूरे आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शिव स्तुति एवं भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।

संगठन की जिलाध्यक्ष श्रीमती रमा दीवान ने आयोजन की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि इस पावन आयोजन में यजमान प्रतिनिधि के रूप में श्रीमती विभा पांडेय एवं श्री विनोद पांडेय ने श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन में सहभागिता निभाई। संपूर्ण रुद्राभिषेक अनुष्ठान का संचालन विद्वान आचार्य पं. अनिल मिश्रा के सान्निध्य एवं वैदिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न हुआ। पूजन के दौरान भगवान शिव का दुग्ध, दही, घृत, मधु, गंगाजल, पंचामृत एवं विविध पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया तथा रुद्रसूक्त एवं शिव मंत्रों के सस्वर पाठ से वातावरण पूर्णतः शिवमय हो उठा।

संगठन की प्रमुख सलाहकार श्रीमती शशि द्विवेदी एवं प्रदेश सचिव श्रीमती मनीषा शर्मा ने आयोजन की जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि कार्यक्रम में समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् की मातृशक्ति ने अत्यंत उत्साह एवं समर्पण के साथ सहभागिता निभाई। धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ सामाजिक समरसता, संगठन की एकजुटता तथा सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी संदेश भी उपस्थित जनसमुदाय को प्राप्त हुआ। परिषद् की सहयोगियों ने आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए अपनी संगठनात्मक क्षमता एवं सेवा भावना का परिचय दिया।

रुद्राभिषेक के उपरांत भगवान शिव की आरती संपन्न हुई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव से सहभागिता करते हुए हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से प्रार्थना की कि समाज में सद्भाव, पारिवारिक सौहार्द, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का निरंतर विस्तार हो तथा प्रत्येक परिवार सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहे। आयोजन के दौरान शिवभक्ति में लीन श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्र की प्रगति, प्राकृतिक संतुलन तथा समस्त मानवता के कल्याण की भी कामना की।

संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज तिवारी ने बताया कि समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद्, बिलासपुर द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक चेतना, पारस्परिक सहयोग तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। परिषद् का उद्देश्य मातृशक्ति को संगठित करते हुए समाज में संस्कार, सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता का विस्तार करना है। परिषद् की सदस्याओं ने इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया कि धर्म केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, संस्कारित करने और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम भी है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर संगठन की जिला सचिव श्रीमती अंजू शर्मा ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजन समिति ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सहयोग एवं सहभागिता से ही ऐसे धार्मिक आयोजन सफल होते हैं और भविष्य में भी समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् इसी प्रकार धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को संगठित एवं जागरूक करने का कार्य निरंतर करती रहेगी। अंत में भगवान शिव से समस्त विश्व के कल्याण, राष्ट्र की उन्नति तथा समाज में सुख, शांति, समृद्धि एवं सद्भाव की मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर परिषद् की सक्रिय सहयोगियों में श्रीमती माया दुबे, श्रीमती सरिता तिवारी, श्रीमती किरण शर्मा, श्रीमती सीमा शर्मा, श्रीमती प्रीति पांडेय, श्रीमती प्रियंका दुबे, श्रीमती कुसुम दुबे, श्रीमती पुष्पा दुबे, श्रीमती वंदना शर्मा, श्रीमती मीना पांडेय, श्रीमती अलका पांडेय, श्रीमती इंदु दीवान, श्रीमती प्रतिमा शर्मा, श्रीमती शिवानी मिश्रा, श्रीमती नंदिनी तिवारी, श्रीमती इंद्राणी दुबे, श्रीमती विजयलक्ष्मी पाठक, श्रीमती चंद्रकांता गौरहा, श्रीमती मीना तिवारी, श्रीमती रेखा दुबे, श्रीमती रमा देवी दुबे, श्रीमती तारा देवी दुबे, श्रीमती मनोरमा शर्मा तथा श्रीमती निक्की पांडेय सहित अनेक मातृशक्तियों ने सक्रिय योगदान दिया। सभी ने आयोजन की सफलता हेतु तन, मन एवं समय से सहयोग प्रदान किया, जिसके परिणामस्वरूप कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button