“काम में देरी नहीं चलेगी, गुणवत्ता से समझौता भी नहीं—महापौर संजय पांडे ने अफसरों को दिखाई सख्ती”
वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी कड़ी नजर, लापरवाही मिली तो तय होगी जवाबदेही - महापौर संजय पांडे

जगदलपुर = शहर के वार्डों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और गुणवत्ता को लेकर अब नगर निगम प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। महापौर संजय पांडे ने नगर निगम के एमआईसी बैठक कक्ष में समीक्षा बैठक लेकर वार्डवार विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। हर कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा होना चाहिए।
महापौर ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केवल कागजों में प्रगति दिखाने के बजाय निर्माण कार्य धरातल पर नजर आने चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि ठेकेदार निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप ही कार्य करें।
⭕‘समयसीमा और गुणवत्ता से समझौता नहीं’
समीक्षा बैठक में वार्डों में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन कार्यों में प्रगति धीमी है, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक टिकाऊ और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों का सीधा संबंध शहरवासियों की रोजमर्रा की सुविधाओं से है। इसलिए कार्यों में देरी का असर सीधे जनता पर पड़ता है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
⭕जनप्रतिनिधियों से भी ली गई जानकारी
बैठक में एमआईसी सदस्यों और पार्षदों से उनके-अपने वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई। वार्ड स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से प्राप्त फीडबैक को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, श्वेता बघेल, संग्राम सिंह राणा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज सहित पार्षद नरसिंह राव, श्याम सुंदर बघेल, खगेन्द्र सिंह ठाकुर, यशवंत ध्रुव, दिलीप दास, पूनम सिन्हा, बंसती समरथ, उर्मिला यादव, पारूल बोथरा तथा उप अभियंता दीपांशु देवांगन, अमन नेताम और दिलीप मरकाम उपस्थित रहे।
महापौर के सख्त निर्देशों के बाद अब वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता पर निगम की निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।



