Breaking Newsजगदलपुरबस्तर संभाग

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की बड़ी सौगात कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में बनेंगे बैडमिंटन व बास्केटबॉल कोर्ट

दिसंबर तक होगी शिक्षकों की पदस्थापना

जगदलपुर = 02 सितम्बर  कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय किलेपाल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे प्रदेश के शिक्षा मंत्री  गजेंद्र यादव ने छात्राओं को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगातें दी हैं। विद्यालय में खेल सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए मंत्री ने परिसर में आधुनिक बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण कराने तथा खेल सामग्री तत्काल मुहैया कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही छात्राओं द्वारा विषय शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाए जाने पर मंत्री ने घोषणा की कि दिसंबर तक होने वाली नई भर्ती प्रक्रिया में इस विद्यालय में प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने छात्राओं से सीधा और आत्मीय संवाद किया। जब बालिकाओं ने अपनी खेलकूद की रुचि साझा की, तो मंत्री ने खेल अधोसंरचना को तुरंत विकसित करने की बात कही और साथ ही सभी छात्राओं को कंपास बॉक्स सहित जरूरी शैक्षणिक सामग्री तुरंत वितरित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सरकार दूरस्थ अंचलों में भी खेल और बेहतर शिक्षण व्यवस्था के हर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए शिक्षा मंत्री ने स्कूल व छात्रावास स्टाफ के साथ बैठक कर दिनचर्या में व्यापक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुबह उठने के बाद छात्राओं को मैदान में दौड़, पीटी और नियमित योग करवाया जाए। प्रार्थना सभा को व्यवस्थित व समयबद्ध बनाने के लिए सभी स्कूलों में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और मंत्रों वाली पेन ड्राइव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए ताकि सही उच्चारण के साथ प्रार्थना सत्र संचालित हो। साथ ही स्कूल के बाद शाम को गृहकार्य पूरा कराने और रात्रि भोजन के उपरांत भी कम से कम एक घंटा नियमित अध्ययन कराने की व्यवस्था तय की गई।

मंत्री ने स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के निर्देश दिए। परिसर की साफ-सफाई के लिए माह में कम से कम एक बार वृहद स्वच्छता अभियान चलाने और छात्रावास के खराब पड़े शौचालयों की आकस्मिक मद (कंटिंजेंसी फंड) से तुरंत मरम्मत कराने के आदेश दिए गए। अंत में उन्होंने शिक्षिकाओं और अधीक्षिकाओं को बच्चों के साथ हमेशा मित्रवत व अभिभावक जैसा व्यवहार रखने की सीख दी, ताकि छात्राएं भयमुक्त और स्वस्थ वातावरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

इस दौरान कलेक्टर  आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक  शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  तन्मय खन्ना, शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक  एचआर सोम, जिला शिक्षा अधिकारी  बीआर बघेल, जिला मिशन समन्वयक  अशोक पाण्डे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button