विकास कार्यों में तेजी लाने जिला सीईओ मुकुन्द ठाकुर ने सचिवों को दिए आवश्यक निर्देश
बस्तर मुन्ने, सुशासन तिहार और नियद नेल्ला नार योजना 2.0 पर विशेष फोकस

सुकमा = जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर द्वारा गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं बस्तर मुन्ने, नियद नेल्ला नार योजना 2.0 तथा सुशासन तिहार के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सीईओ श्री ठाकुर ने शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी सचिवों को निर्देशित किया कि लंबित एवं अधूरे निर्माण कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और हितग्राहीमूलक योजनाओं को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित प्रमुख योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, बिहान योजना, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना सहित अन्य सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति वंचित न रहे। सीईओ श्री ठाकुर ने सभी सचिवों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में विकास कार्यों को गति देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



