Breaking Newsबस्तर संभागसुकमा

15 अगस्त से शुरू होगा केरलापाल में पंचायत कैफ़े जिला सीईओ ने पोंगाभेज्जी में छात्रों को हल करवाये गणित के सवाल

सुकमा = जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  मुकुन्द ठाकुर ने बुधवार को ग्राम पंचायत केरलापाल पहुंचकर निर्माणाधीन पंचायत कैफ़े का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए कैफ़े के सफल संचालन, स्वच्छता, गुणवत्ता एवं बेहतर प्रबंधन को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। यह पंचायत कैफ़े आगामी 15 अगस्त से आम नागरिकों के लिए प्रारंभ किए जाने का प्रस्ताव है, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

इसके पश्चात जिला सीईओ  मुकुन्द ठाकुर ने बालक आश्रम पोंगाभेज्जी का निरीक्षण कर छात्रावास एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास के कमरों, कक्षाओं तथा अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। कक्षा में बच्चों से सामान्य ज्ञान एवं गणित से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान श्री ठाकुर ने बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की तथा स्वयं बच्चों को चावल परोसकर उनके साथ आत्मीयता का परिचय दिया। जिला प्रशासन की इस संवेदनशील एवं जनहितैषी पहल से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चों ने जिला सीईओ को अपने बीच पाकर प्रसन्नता व्यक्त की। जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा, पोषण, गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना और ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की यह पहल एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button